क्लब प्रमोटर और ऑर्गनाइजर पर हमला, तीन गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Oct 10, 2026 - 08:51 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): एक क्लब प्रमोटर और ऑर्गनाइजर पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और तीन डंडे भी बरामद कर लिए हैं। अदालत के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है।

गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक  https://www.facebook.com/KesariGurugram  पर क्लिक करें।

 

पुलिस के मुताबिक, दो सितंबर को सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल से थाना सेक्टर-5 पुलिस को सूचना मिली थी कि मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर जब पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। इसके बाद पांच अक्तूबर को पुलिस को घायल की मेडिको-लीगल रिपोर्ट और औपचारिक शिकायत प्राप्त हुई। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक क्लब में प्रमोटर और ऑर्गनाइजर का काम करता है। दो अक्तूबर की रात को वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर क्लब से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में शीतला माता मंदिर के पास स्थित सीआरपीएफ चौक पर जब वह चाय पीने के लिए रुका, तो पीछे से कुछ युवक वहां आ धमके और उसके साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। इस शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-पांच में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

थाना सेक्टर-5 की पुलिस टीम ने जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुवार को को नेकीराम फार्म हाउस के पीछे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय रोहन जिला गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश, 20 वर्षीय शिवम उर्फ छोटू निवासी जिला आगरा, उत्तर प्रदेश और 22 वर्षीय वरुण पाण्डेय निवासी शीतला कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और इन आरोपियों के बीच करीब दो से तीन महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एक स्कूटी और तीन डंडे बरामद कर लिए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने को तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल, गुरुग्राम भेज दिया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static