पानीपत पुलिस का ''ऑपरेशन मोबाइल'': 2-3 साल पहले खोए 55 फोन बरामद, 14 लाख की रिकवरी देख खिले मालिकों के चेहरे
punjabkesari.in Tuesday, Sep 15, 2026 - 08:14 PM (IST)
पानीपत(सचिन): पानीपत में मोबाइल गुम होने के बाद उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए जिला पुलिस किसी फिल्मी हीरो की तरह सामने आई है। साइबर सेल ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर 2 से 3 साल पहले गुम हुए मोबाइलों को खोज निकाला है। पुलिस ने कुल 14 लाख रुपये से अधिक कीमत के 55 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों के सुपुर्द किए।
1.33 लाख तक के फोन शामिल, चेहरों पर लौटी मुस्कान
मंगलवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस सभागार में डीएसपी मुख्यालय विकास कुमार ने ये मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। बरामद मोबाइलों की कीमत 7,000 रुपये से लेकर 1.33 लाख रुपये तक है। सालों बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर कई लोगों की आंखें खुशी से भर आईं।
साइबर सेल की लगातार बड़ी कार्रवाई
साइबर सेल प्रभारी सब इंस्पेक्टर हिमांशु और उनकी टीम की तकनीकी दक्षता के चलते यह सफलता मिली है। पानीपत पुलिस इससे पहले भी लगातार गुम फोन बरामद कर रही है|
डीएसपी की अपील: CEIR पोर्टल पर तुरंत दर्ज कराएं शिकायत
डीएसपी विकास कुमार ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल या स्थानीय साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत मिलेगी, फोन ट्रेस होने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।