सनसनीखेज वारदात: 60 वर्षीय किसान की हत्या, शव को कट्टे में डाल 2.5 किमी साइकिल पर ढोया...CCTV से खुला राज

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 12:49 PM (IST)

पानीपत(सचिन): पानीपत में 60 वर्षीय किसान की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के कट्टे में बांधकर साइकिल पर ढाई किलोमीटर ढोया। इसके बाद जंगल में झाड़ियों में फेंक दिया।किसान 16 जुलाई से लापता था। तीन दिन तक परिजन उसे हर जगह ढूंढते रहे, लेकिन शनिवार दोपहर को उनके हाथ लगी एक CCTV फुटेज ने हत्या की गुत्थी को सुलझा दिया। फुटेज के आधार पर परिजनों ने आरोपी को दबोचा, जिसके बाद पुलिस ने शव बरामद किया।

पुलिस जांच में पता चला कि गांव में पड़ोस में ही रहने वाले और साथ में खेतों में काम करने वाले आरोपी ने कहासुनी होने पर किसान के सिर में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। गांव नूरपुर गढ़ी निवासी जयपाल ने थाना सेक्टर-29 पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका बड़ा भाई रणबीर (60 वर्ष) अविवाहित था और खेत में बनी झोपड़ी में रहता था।

16 जुलाई की रात 11 बजे हुआ लापताः बीते 16 जुलाई 2026 की रात करीब 11:00 बजे वह अचानक खेत से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिवार के लोग पिछले तीन दिनों से लगातार उसे सगे-संबंधियों, आसपास के गांवों और खेतों में ढूंढ रहे थे, लेकिन उसका कोई अता-पता नहीं चल रहा था।

हाथ लगी सीसीटीवी, फिर हुआ शकः रणबीर की तलाश में जुटे परिजनों के हाथ 19 जुलाई को एक सीसीटीवी फुटेज लगी। फुटेज में 16 जुलाई की रात करीब 11:20 बजे गांव का ही रहने वाला सत्यवान (55) अपनी साइकिल के पीछे एक भारी-भरकम गठरी बांधकर पैदल-पैदल खेत के रास्ते से जाता हुआ दिखाई दिया। यह फुटेज देखते ही परिजनों का शक यकीन में बदल गया।

सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शनिवार शाम को ही परिवार के लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी सत्यवान को गांव से ही पकड़ लिया। जब ग्रामीणों और परिजनों ने उससे रणबीर के बारे में कड़ाई और सख्ती से पूछताछ की, तो वह घबरा गया। ज्यादा देर तक खुद को निर्दोष न बता पाने के कारण उसने रणबीर की हत्या करने की बात कबूल कर ली।

ट्यूबवेल पर हुआ था झगड़ा, धारदार हथियार से की हत्याः आरोपी सत्यवान ने बताया कि 16 जुलाई की रात को खेत में काम करने के दौरान उसका रणबीर के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ी कि हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान तैश में आकर सत्यवान ने पास पड़े धारदार हथियार से रणबीर के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

साइकिल पर लादकर ढाई किलोमीटर दूर फेंका शवः हत्या के बाद आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए ट्यूबवेल के कमरे में रखा एक प्लास्टिक का कट्टा उठाया और उसमें रणबीर के शव को बंद कर दिया। इसके बाद उसने उस गठरी को अपनी साइकिल के पीछे बांधा और पैदल ही वहां से करीब ढाई किलोमीटर दूर पसीना गांव की ओर ले गया। वहां उसने बिजली के पावर हाउस के पीछे बनी घनी झाड़ियों में शव को फेंक दिया और घर आ गया। किसी को शक न हो, इसलिए वह पिछले दो दिनों से गांव में सामान्य रूप से घूम रहा था।

आरोपी के कबूलनामे के तुरंत बाद परिजनों ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सत्यवान को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपी सत्यवान को साथ लेकर उसकी निशानदेही पर पसीना गांव के पावर हाउस के पीछे पहुंची, जहां झाड़ियों से रणबीर के शव को क्षत-विक्षत हालत में बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। जहां उसका पंचनामा भर कर शवगृह में रखवा दिया गया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static