ध्यान दें... चंडीगढ़ में CTU की 77 नॉन-AC बसें हटाई, अब इन राज्यों की बसें देगीं सेवाएं
punjabkesari.in Tuesday, Nov 18, 2025 - 11:31 AM (IST)
चंडीगढ़ | चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) ने 15 साल की मियाद पूरी कर चुकी 77 नॉन-AC डीजल बसों को फ्लीट से बाहर कर दिया है। विभाग के अनुसार, इन बसों को हटाने से ट्राईसिटी की बस सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
नॉन-AC बसों के 73 रूट अस्थायी रूप से बंद
CTU प्रशासन ने बताया कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में चलने वाली केवल नॉन-AC बसों के 73 रूट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। अब ये बसें शहर रूटों पर चलाई जाएंगी, जबकि लंबी दूरी के लिए AC बसों का संचालन जारी रहेगा।
नई इलेक्ट्रिक बसें आने तक बंद रहेंगी लंबी दूरी की नॉन-AC बसें
CTU डायरेक्टर गम्दूर सिंह ने कहा कि लंबी दूरी की नॉन-AC बसों का संचालन नई इलेक्ट्रिक बसें आने तक बंद रहेगा। नई बसें शामिल होने के बाद इन्हें फिर से तय समय पर चलाया जाएगा।
120 ड्राइवरों को बिना लिखित आदेश कार्यमुक्त किया गया
सेक्टर-42 स्थित CTU वर्कशॉप में खड़ी की गई इन बंद बसों पर तैनात 120 ड्राइवरों को काम से हटा दिया गया है। ड्राइवरों का कहना है कि विभाग की ओर से कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया है, जिसके चलते वे विरोध की तैयारी में हैं। ये सभी ड्राइवर एग्रीमेंट आधार पर नियुक्त थे।
2009–10 मॉडल की 15 साल पुरानी बसें फ्लीट से हटाई गईं
फ्लीट से हटाई गई सभी बसें टाटा कंपनी की थीं, जिन्हें 2009–10 में शामिल किया गया था। 15 साल की वैधता पूरी होने पर इनकी आरसी समाप्त हो गई, इसलिए इन्हें संचालन से हटाया गया। जल्द ही इन्हें कंपनी को वापस किया जाएगा।