Panipat से किडनैप 7 माह का बच्चा यूपी में सकुशल मिला, मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में बड़ा खुलासा
punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 07:42 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : थाना चांदनी बाग क्षेत्र के काला आंब रोड स्थित अंबा कॉलोनी से अपहरण हुए 7 माह के मासूम बच्चे को महज 30 घंटे बाद CIA-2 पुलिस टीम ने यूपी के एटा से सकुशल बरामद कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव सिद्धपुरा कासगंज यूपी हाल भैसवाल निवासी सलमान, गांव अमनपुरा कासगंज हाल भैसवाल निवासी आजाद व गांव करथला एटा यूपी निवासी मुकेश गुप्ता के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि थाना चांदनी बाग में सुंदर पुत्र रामदास निवासी पीपलगढ़ चौथपुर अलवर राजस्थान हाल झुग्गी झोपड़ी काला आंब रोड अंबा कॉलोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 9 मार्च को सुबह करीब 9 बजे वह काम पर चला गया था। दोपहर करीब 1 बजे दो युवक एक बाइक पर आए। दोनों ने झुग्गी के पास चाय के खोखे से दो बिस्किट के पैकेट लिए और उसकी 7 वर्षीय बेटी आशियाना को बिस्किट का एक पैकेट खाने के लिए दिया। फिर युवकों ने आशियाना से कहा सो रहे बच्चे को लेकर आओ उसको भी बिस्किट देने है। वह 7 माह के भाई मानशुभ को लेकर आई। तभी दोनों युवक उसके हाथ से मानशुभ को छीनकर बाइक सहित फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही थाना चांदनी बाग व सीआईए की टीम मौके पर पहुंचकर बच्चे की तलाश में जुट गई थी। पुलिस ने आसपास व विभिन्न मार्गों पर 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरा फुटेज खंगाली। पुलिस को फुटेज में दो स्थानों पर आरोपी एक बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए। सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर विरेंद्र की टीम ने अपने सभी सोर्स एक्टिव कर महज 30 घंटे बाद बच्चे को यूपी के एटा के गांव करथला से सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को काबू किया।
अपहरण करने के बाद बच्चा 1 लाख रुपये में बेचा
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी सलमान व आजाद ममेरे फुफेर भाई हैं। आरोपी आजाद करीब 20 साल से भैंसवाल गांव में रह रहा है और सलमान करीब 3 माह पहले आया था। पूछताछ में आरोपी सलमान ने पुलिस को बताया मुकेश गुप्ता के साथ उसकी काफी समय से जान पहचान है।
मुकेश गुप्ता ने करीब 20 दिन पहले कहा था कि उससे 6 माह से एक साल के बीच का बच्चा चाहिए। इस काम के बदले उसको 1 लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया था। आरोपी सलमान ने ममेरे भाई आजाद को यह बात बताई और दोनों ने मिलकर गरीब परिवार के बच्चे का अपहरण करने की साजिश रची थी।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मुकेश ने पुलिस को बताया वह एक बेटी का पिता है। बेटा नहीं था तो उसने सलमान को 1 लाख रुपए देने का प्रलोभन देकर कही से छोटा बच्चा लाने के लिए कहा था। बच्चे को वह पालना चाहता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अपह्रत बच्चे को सकुशल बरामद कर बुधवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी सलमान व आजाद से बच्चा बेचकर हासिल की नकदी बरामद करने का प्रयास करेगी। आरोपी मुकेश से पूछताछ कर पता लगाएगी गिरोह में और कोई इनके साथ शामिल तो नहीं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)