बुलेट से फायर स्टंट पड़ा महंगा ! पानीपत पुलिस ने दोनों को भेजा सलाखों के पीछे, वायरल होने के लिए बनाते थे वीडियो
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 07:22 PM (IST)
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में दो युवकों ने खतरनाक स्टंट कर डाला। युवकों ने बुलेट बाइक के साइलेंसर में पेट्रोल डालकर आग से स्टंट किया, जिससे तेज लपटें निकलती नजर आईं। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि दोनों युवकों ने यह स्टंट डायल 112 की गाड़ी के सामने ही किया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक साइलेंसर के सामने जलती हुई लकड़ी लाता है, जिससे आग भड़क उठती है। हैरानी की बात यह है कि मौके पर एक पुलिसकर्मी भी खड़ा नजर आ रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद शहर थाना पुलिस ने सिक्योरिटी एजेंट की शिकायत पर दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामले को लेकर असिस्टेंट पुलिस अधीक्षक एएसपी हर्षित गोयल ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालना गंभीर अपराध है। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर फायर स्टंट करने वाला युवक, जो ‘विक्की मोटर’ से जुड़ा बताया जा रहा है, और वीडियो शूट करने वाले साथी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)