फौजी पति की खौफनाक करतूत! पिता की पिस्टल से ससुराल में दागीं 6-7 गोलियां, फिर मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Oct 29, 2026 - 12:12 PM (IST)

जींद: निडानी गांव में सेना के एक गनर पर ससुराल में 6 से 7 राऊंड फायरिंग करने और मारपीट कर दादी सास से बच्चा छीनने का आरोप लगा है। निडानी निवासी केला देवी के अनुसार उनकी पोती की शादी साहिल से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति और ससुरालियों ने उसकी पोती को परेशान करना शुरू कर दिया था।

मारपीट से परेशान होकर वह करीब 3 महीने पहले 3 साल के बेटे के साथ मायके आ गई। इस मामले में दोनों के बीच तलाक का केस भी चल रहा है। 27 अक्तूबर की सुबह पड़ोसी के मकान में अपने दोहते के साथ बैठी थी। इसी दौरान साहिल वहां पहुंचा। आरोप है कि वह पहले दादा ससुर से गाली-गलौच करते हुए गली में निकल गया। इसके बाद जबरदस्ती बच्चा छीनने लगा। विरोध करने पर उसने महिला को लात-घूंसों से पीटा और गोली मारने की धमकी दी।

आरोप है कि साहिल ने 6 से 7 राऊंड फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले तो आरोपी गली में हवाई फायरिंग करता हुआ फरार हो गया। हालांकि बच्चा आरोपी से छुड़वा लिया गया। पोती ने बताया कि साहिल करीब 6 साल से सेना में गनर है और फिलहाल उसकी पोस्टिंग फरीदकोट में है। वह पिछले 3 महीने से ड्यूटी पर नहीं गया है। सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी साहिल को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने पिता की लाइसैंसी पिस्तौल से फायरिंग की थी। पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर ली है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static