तपती धूप बनी काल, पुन्हाना में बोरियां भरते समय मजदूर की हुई मौत; अनाज मंडी में मचा हड़कंप
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 01:06 PM (IST)
नूंह (एके बघेल) : पुन्हाना शहर की अनाज मंडी में रविवार दोपहर तेज गर्मी के बीच काम कर रहे एक मजदूर की अचानक मौत हो गई। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक मजदूर आढ़त नंबर 40 पर ढेंचा की बोरियां भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास मौजूद अन्य मजदूरों और आढ़त कर्मियों ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान राजेंद्र पासवान (50) निवासी गांव महुली, जिला समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है, जो यहां मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना प्रभारी कुंदन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया गर्मी के कारण मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस घटना के बाद मंडी में काम करने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। मजदूरों का कहना है कि भीषण गर्मी में काम के दौरान पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से गर्मी के मौसम में विशेष इंतजाम करने की मांग की है।