कुरुक्षेत्र में सजेगा पशुधन का मेगा उत्सव, 6 फरवरी को कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे प्रदर्शनी का शुभारंभ

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 05:30 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली 41वीं राज्य स्तरीय प्रदर्शनी नए कलेवर में नजर आएगी। पहली बार पशु रैंप शो का आयोजन होगा तो पशुधन श्रेणियों में 50 लाख रुपये का नकद इनाम रखा गया है। कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला मैदान में 6 से 8 फरवरी तक तीन दिवसीय पशु मेला आयोजित होगा। तीन दिवसीय पशु मेले में लगभग 1500 उत्कृष्ट नस्लों के पशु अपनी दमखम, बनावट और उत्पादन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। पशुपालन विभाग पशु मेले की तैयारियों में पूरे जोरो-शोरों के साथ जुटा हुआ है।

प्रदर्शनी का शुभारंभ 6 फरवरी को हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्याम सिंह राणा करेंगे। 7 फरवरी को केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि 8 फरवरी को समापन समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विजेता पशुपालकों को पुरस्कार वितरित करेंगे। इस बार प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेश के सभी जिलों से रिकॉर्ड संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा और रोमांच दोनों बढ़ गए हैं।

इस वर्ष प्रदर्शनी में पहली बार ‘पशु रैम्प शो’ का आयोजन किया जा रहा है। फैशन शो की तर्ज पर आयोजित इस रैम्प शो में चुनी हुई श्रेष्ठ नस्लों के पशु अपनी चाल, शारीरिक बनावट और सुंदरता का प्रदर्शन करेंगे। यह प्रयोग न केवल दर्शकों के लिए नया प्रयोग होगा, बल्कि पशुपालकों को भी अपनी नस्ल की गुणवत्ता को नए अंदाज में प्रस्तुत करने का अवसर देगा।

50 लाख तक के नकद पुरस्कार, बेहतर नस्ल को बढ़ावा

प्रदर्शनी में गाय, भैंस, बैल, बकरी, भेड़ सहित विभिन्न पशुधन श्रेणियों में श्रेष्ठ पशुओं के मालिकों को कुल लगभग 50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह प्रोत्साहन राशि पशुपालकों को उन्नत नस्ल, वैज्ञानिक पशुपालन और आधुनिक प्रबंधन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। बेहतर उत्पादन और आय वृद्धि के लक्ष्य के साथ यह प्रदर्शनी पशुपालकों के लिए एक बड़ा मंच साबित होगी। प्रदर्शनी में पशुपालन, कृषि, सहकारिता, डेयरी और ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं निजी कंपनियां आधुनिक उपकरण, पशु आहार, दवाइयां और नई तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी।

पशुपालकों के लिए 200 फ्री बसें, रिकॉर्ड भीड़ की उम्मीद

प्रदर्शनी में प्रदेशभर से करीब एक लाख पशुपालक, किसान, उद्यमी और वैज्ञानिकों के पहुंचने की संभावना है। आगंतुकों की सुविधा के लिए सरकार ने प्रत्येक दिन 200 निःशुल्क बसों की व्यवस्था की है, जो हर जिले से पशुपालकों और दर्शकों को मेले तक लाएंगी और वापस उनके गांव व शहर छोड़ेंगी। यह सुविधा बड़े पैमाने पर पहली बार लागू की जा रही है, जिससे रिकॉर्ड भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।

मेले में आने वाले किसानों और पशुपालकों के लिए नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। शाम के समय होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणा के प्रसिद्ध कलाकार महावीर गुड्डू, आजाद खांडा सहित अन्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे। आयोजकों के अनुसार, ये कार्यक्रम मेले को उत्सव का रूप देंगे और ग्रामीण संस्कृति की झलक भी पेश करेंगे।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static