12वीं पास झोलाछाप डॉक्टर अवेध क्लीनिक चलाकर कर रहा था महिलाओं का गर्भपात, गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 09:32 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): स्वास्थ्य विभाग व पुलिस टीम ने सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में बिना वैध मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चलाकर अवैध रूप से गर्भपात कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से एमटीपी किट, भारी मात्रा में दवाइयां और विभिन्न मेडिकल उपकरण बरामद किए गए हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी ने सेक्टर-65 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कमल महतो नामक व्यक्ति गुरुग्राम के गांव घाटा स्थित बंजारा मार्केट में बिना किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के कमल क्लीनिक संचालित कर रहा है और गर्भवती महिलाओं का अवैध रूप से गर्भपात करा रहा है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर क्लीनिक भेजा। आरोप है कि आरोपी ने गर्भपात कराने के लिए महिला से 1,200 रुपये लिए और उसे एमटीपी किट (अनवांटेड किट) देकर उसके इस्तेमाल की जानकारी दी। डिकॉय महिला के संकेत पर टीम ने मौके पर छापेमारी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान कमल महतो (27) निवासी जिला मालदा, पश्चिम बंगाल तथा वर्तमान निवासी बंजारा मार्केट, गांव घाटा, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 27 जुलाई को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह केवल 12वीं कक्षा तक शिक्षित है और उसके पास कोई वैध मेडिकल डिग्री नहीं है। जांच के दौरान वह अपने क्लीनिक के लिए मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) अधिनियम के तहत आवश्यक पंजीकरण, मरीजों का रिकॉर्ड अथवा दवाइयों की खरीद-बिक्री और वितरण से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एमटीपी किट, बड़ी मात्रा में दवाइयां और मेडिकल उपकरण बरामद किए हैं। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि आरोपी कब से यह अवैध गतिविधि संचालित कर रहा था और कितने लोगों का इलाज अथवा गर्भपात कर चुका है।