15 हजार की रिश्वत लेते दबोचा गया खाद्य एवं आपूर्ति सप्लाई विभाग का सब इंस्पेक्टर, करनाल में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 06:46 PM (IST)
करनाल (मेनपाल कश्यप) : करनाल के कुंजपुरा में भ्रष्टाचार के खिलाफ स्टेट विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक सब इंस्पेक्टर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कुंजपुरा सेंटर पर तैनात था और घरौंडा व निसिंग सेंटर का अतिरिक्त चार्ज भी संभाल रहा था। विजिलेंस की इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और कई अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
राशन जांच को बनाया कमाई का जरिया
जानकारी के अनुसार आरोपी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने कुछ दिन पहले एक डिपो की जांच की थी, जहां करीब 4 किलो अनाज कम मिला था। शिकायतकर्ता डिपो होल्डर विकास का आरोप है कि मामूली कमी को बहाना बनाकर सब इंस्पेक्टर उस पर दबाव बना रहा था और रिपोर्ट में कई क्विंटल गेहूं कम दिखाने की धमकी दे रहा था। मामले को दबाने और रिपोर्ट सही दिखाने के बदले आरोपी ने 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
30 अप्रैल को ही मिली थी करनाल में तैनाती
बताया जा रहा है कि आरोपी मनोज कुमार मूल रूप से मधुबन का रहने वाला है और रिटायर्ड फौजी भी है। उसकी पत्नी भाजपा से जुड़ी बताई जा रही हैं। मनोज कुमार को बीती 30 अप्रैल को ही डीएफएससी कार्यालय द्वारा कुंजपुरा सेंटर पर तैनात किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने डिपो होल्डर से साफ कहा था कि मामला निपटाना है तो पैसे देने होंगे।
शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने बिछाया जाल
पीड़ित डिपो होल्डर विकास रिश्वत नहीं देना चाहता था, जिसके बाद उसने स्टेट विजिलेंस से संपर्क कर पूरी शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद कुरुक्षेत्र एसीबी टीम की इंस्पेक्टर नन्ही देवी के नेतृत्व में ट्रैप लगाया गया। टीम ने 15 हजार रुपए के नोटों पर केमिकल पाउडर लगाया और पूरी योजना के तहत शिकायतकर्ता को रकम सौंप दी।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी सब इंस्पेक्टर को फोन कर पैसे देने की बात कही। आरोपी ने उसे कुंजपुरा बस अड्डे के पास बुलाया, जहां पहले से ही विजिलेंस टीम सादी वर्दी में तैनात थी।
पैसे हाथ में आते ही दबोच लिया आरोपी
जैसे ही आरोपी सब इंस्पेक्टर ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, विजिलेंस टीम ने तुरंत उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को करनाल एसीबी कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
कई और नाम भी आ सकते हैं सामने
एसीबी इंस्पेक्टर नन्ही देवी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह डिपो होल्डर्स से राशन वितरण और जांच के नाम पर अवैध वसूली करता था। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच हो रही है कि इस पूरे खेल में विभाग का कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं। उन्होंने कहा कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि भ्रष्टाचार के इस नेटवर्क की परतें खोली जा सकें। अगर जांच में कोई और व्यक्ति शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।