करनाल में सड़क हादसा, एक झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार...दंपति की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 05:44 PM (IST)
करनाल : करनाल के मेरठ रोड स्थित चौक पर एक दर्दनाक हादसे में मोटरसाइकिल सवार महिला व पुरुष की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान सुंदर लाल (55) और उनकी पत्नी नीलम (50) के रूप में हुई। दोनों असंध क्षेत्र के राहड़ा गांव के रहने थे। शुरूआती जांच में हादसे की वजह ट्रैफिक सिग्नल खराब होने की बात सामने आई है। दोनों ज्वैलरी शॉप से लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि महिला ट्राले के अगले टायर के नीचे आ गई जबकि पुरुष पिछले टायर के नीचे आ गया। ट्राले ने दोनों को बुरी तरह कुचल दिया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। सैक्टर-4 पुलिस के सहयोग से दोनों के शवों को कल्पना चावला राजकीय मैडीकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम हाऊस में भेज दिया गया।
बता दें कि इस हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे की एक बड़ी वजह ट्रैफिक लाइट का सही तरीके से काम न करना है। बताया जा रहा है कि सिग्नल खराब था, ट्राला तेज रफ्तार से आया और दम्पति की बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)