करनाल: क्लब मार्केट के पास दो गाड़ियाँ जलकर राख, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 03:28 PM (IST)

करनाल: हरियाणा के करनाल में क्लब मार्केट के पास आज उस समय सनसनी फैल गई जब खड़ी गाड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि दो गाड़ियाँ पूरी तरह जलकर खाक हो गई। हालांकि, मौके पर पहुँची पुलिस और स्थानीय लोगों की हिम्मत से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

फायर ब्रिगेड पर उठे सवाल
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने दमकल विभाग पर देरी से पहुँचने का गंभीर आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ वक्त पर पहुँच जातीं, तो गाड़ियों को जलने से बचाया जा सकता था। चूंकि यह एक रिहायशी और भीड़भाड़ वाला इलाका है, इसलिए आग फैलने की सूरत में जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।

पुलिस की मुस्तैदी
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना इंचार्ज रामलाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। उन्होंने बताया कि जहाँ आग लगी थी, वहाँ चार गाड़ियाँ एक साथ खड़ी थीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग की चपेट में आने से पहले दो गाड़ियों को सुरक्षित हटा लिया, वरना चारों गाड़ियाँ राख हो जातीं। थाना इंचार्ज ने बताया कि आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।अभी तक जली हुई गाड़ियों के मालिकों का पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आग लगने की वजह साफ़ हो सके।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static