काम कम कौतूहल ज्यादा कर रही पंजाब में आप  सरकार: डा. संजय शर्मा

punjabkesari.in Friday, Mar 17, 2023 - 10:08 PM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्रशेखर धरणी): भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के मीडिया एवं सोशल मीडिया प्रमुख डा. संजय शर्मा ने कहा कि पंजाब की सरकार काम कम और शोरशराबा ज्यादा कर रही है। एक साल में आम आदमी पार्टी की सरकार सिर्फ पोस्टरों में ‘‘शेर’’ और वादे पूरा करने में ‘‘ढेर’’ नजर आई है। पंजाब में नशाखोरी, गैंगवार, स्वास्थ्य, बिजली और किसानों पर बढ़ते कर्ज पर मान सरकार को घेरते हुए डा. शर्मा ने पंजाब के मुख्यमंत्री को हरियाणा की मनोहर सरकार की नीतियों पर चलने की सलाह दी।

पंजाब में किसानों पर बढ़ रहा है कर्जा: संजय शर्मा

डा. संजय शर्मा ने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था चरमराई हुई है। यह कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी कि आप की सरकार में ‘‘पंजाब गैंग लैंड’’ बनता जा रहा है। चुनाव से पूर्व ‘आप’ के सारे वायदे व्यर्थ साबित हो रहे हैं। एक साल में ही कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात करने वाले मुख्यमंत्री के दावो की हवा निकल गई है। एक साल के दौरान आप के नेता लगातार एक के बाद एक भ्रष्टाचार के मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। पंजाब में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। डा. शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार की महिलाओं के प्रति क्या सोच है एक साल में उजागर हो गई। दिल्ली के सीएम केजरीवाल की महिलाओं को एक हजार रुपये सहायता राशि देने की गारंटी खत्म हो गई। पंजाब में किसानों पर कर्जा बढ़ रहा है। पंजाब के लोग बिजली के कटों से परेशान हैं। अस्पतालों में दवा नहीं है। पंजाब की जनता का सरकार पर से भरोसा उठ गया है। जनता को लग रहा है कि झूठ बोलकर केजरीवाल ने उन्हें ठग लिया।

 

14 फसले एमएसपी पर खरीद करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य

 

शर्मा ने कहा कि मनोहर सरकार कृषि व्यवस्था में सुधार करने और किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर 14 फसलों धान, गेहूं, जौ, सरसों, मक्का, बाजरा, मूंग, मूंगफली, अरहर, उड़द, तिल, चना, सूरजमुखी एवं कपास आदि की खरीद करने वाला हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है। गन्ने का भाव भी देश में सर्वाधिक 362 रुपये प्रति क्विंटल दिया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा से फसलों के खराब होने पर हरियाणा सरकार मुआवजा दे रही है। 

 

बागवानी फसलों के नुकसान की भी भरपाई कर रही है मनोहर सरकार

 

मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से फसलों की खरीद हो रही है। भावांतर भरपाई योजना के जरिए बागवानी फसलों के नुकसान की भरपाई हरियाणा की मनोहर सरकार कर रही है। हरियाणा की बीजेपी सरकार अपने लोगों के स्वास्थ्य के प्रति चिंतित है। प्रदेश की आधी आबादी चिरायु सुरक्षा कार्ड से सुरक्षा के घेरे में हैं। मुख्यमंत्री की अगली योजना पूरे प्रदेश को ही चिरायु कार्ड के दायरे में लाने की है। 

                           (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)    

 

 

 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ajay Kumar Sharma

Recommended News

Related News

static