"आप" को दिल्ली में अन्ना आंदोलन और पंजाब में किसान आंदोलन जिंदा कर गया: नयन पाल रावत
punjabkesari.in Thursday, May 12, 2022 - 06:26 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : पृथला विधायक एवम हरियाणा वेयरहाउसिंग के चेयरमैन नयन पाल रावत ने कहा कि प्रदेश में आम आदमी पार्टी के बढ़ते कदमों पर रावत ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी को अन्ना आंदोलन जिंदा कर गया और पंजाब में किसान आंदोलन। लेकिन आज मात्र दो-तीन महीने में ही पंजाब के हालात बद से बदतर हो चुके हैं। सरकारी कर्मचारियों को तनख्वाह तक नहीं मिल पा रही। आतंकवाद पनप रहा है। ब्लास्ट जैसे मामले सामने आ रहे हैं। यह सब कुछ हरियाणा देख रहा है। इनके संयोजक की कार्यशैली को देखकर देश हैरान है।
हरियाणा में इन्हें पैर रखने की भी जगह नहीं मिलेगी। वही कांग्रेस का देश और प्रदेश से सूपड़ा साफ होना तय है। क्योंकि चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाकर दिखाना चाह रहे हैं कि हमने सभी को साध लिया है। लेकिन कांग्रेस विधानसभा चुनावों में 10 सीटों से नीचे निपट जाएगी। रावत ने कहा कि बीते 28 सालों में रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ 108 करोड रुपए की नई सड़कें और मरम्मत के कार्य उन्होंने विधानसभा सीट पृथला में करवाए हैं। यूनिवर्सिटी का कार्य पूरा करवाया है। मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपए खर्च किए। डी प्लान के 2 करोड रुपए विकास कार्यों में लगाए। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नए विकास के लिए डेढ़ सौ करोड रुपए और दिए हैं इसके बाद पृथला विधानसभा बहुत शानदार हो जाएगी।
हरियाणा सरकार को बिना शर्त समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायकों की बैठकों से राजनीतिक चर्चाएं समय-समय पर जोरों पर रहती हैं। इस महत्वपूर्ण प्रशन का उत्तर देते हुए पृथला विधायक एवम हरियाणा वेयरहाउसिंग के चेयरमैन नयन पाल रावत ने कहा कि आमतौर पर राजनीतिक गतिविधियों की, सरकार की कार्यवाही और विकास कार्यों को लेकर चर्चा इन बैठकों में करते हैं। हम सभी प्योर भाजपा के हैं और लगभग सभी ने भाजपा के लिए काम भी किया और चुनाव भी लड़ चुके हैं। आस्था पहले से ही भाजपा में है और सरकार के अंतिम दिन तक भाजपा के साथ ही रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल एक संत और तपस्वी के रूप में यशस्वी मुख्यमंत्री आगे बढ़ रहे हैं। उनमें दृढ़ इच्छाशक्ति है और लोगों की उनमें आस्था है। मुख्यमंत्री प्रदेश को एक अच्छा शासन और सुशासन दे रहे हैं। प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठा व्यक्ति सरकार की योजनाओं का लाभ ले रहा है। इसलिए हम सरकार के साथ हैं। सरकार के लिए काम कर रहे हैं। यह बताना और जताना भी जरूरी होता है कि हम पहले दिन से सरकार के साथ जैसे खड़े थे, अंतिम समय तक खड़े रहेंगे। सरकार को चलाने में और आगामी योजनाओं को गति देने में सरकार का साथ निभाते रहेंगे।
रावत ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की नीति, योजनाओं और सोच को लेकर प्रदेश का युवा बेहद उत्साहित है। युवा जानता है कि पहले पैसा देकर भी नौकरी नहीं लगती थी। नौकरी के लिए दिया पैसा वापस लेना बेहद मुश्किल हो जाता था। आज मेरिट और योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। काबिल युवक को नौकरी मिलने से कोई नहीं रोक सकता। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सबसे अधिक 70000 नौकरियां देने का काम किया। उनकी इन्हीं उपलब्धियों के कारण भाजपा फिर से 50 से अधिक सीटें लेकर तीसरी बार सत्ता पर काबिज होगी।
बाकी सभी दल 2-4 10 सीटों पर ही सिमट जाएंगे। फरीदाबाद विधायक नीरज शर्मा द्वारा भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बिना सिले कपड़े पहनने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कपड़े पहनना या ना पहनना नीरज शर्मा का निजी फैसला है। लेकिन भ्रष्टाचार के मामले में सरकार काल की तरह कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री द्वारा विजिलेंस और अन्य जांच एजेंसियों को भ्रष्टाचारियों को पकड़ने के सख्त निर्देश हैं। प्रदेश में सबसे अधिक मामले इस सरकार में दर्ज हुए। पहले स्वयं भ्रष्टाचार करवाया जाता था और पता लगने पर भ्रष्टाचारियों को बचाया जाता था। लेकिन अब सरकार ढूंढ-ढूंढकर ऐसे लोगों को जेल में भेज रही है।