मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर किया डिजिटल अरेस्ट, फिर ट्रांसफर कराए लाखों रुपए
punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2026 - 01:58 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब एक नया मामला साइबर थाना साउथ से सामने आया है जहां एक व्यक्ति को मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर न केवल डिजिटल अरेस्ट किया गया बल्कि उससे 18 लाख 45 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 61, 319, 318(4), 308(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-72ए स्थित एनकेवी रेजिडेंसी के रहने वाले भगत राम ने बताया कि उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया था जिसने स्वयं को पुलिस अधिकारी बताया। इसके साथ ही उसने उन्हें बताया कि उनका मोबाइल नंबर व आधार कार्ड मनी लॉन्ड्रिंग में संलिप्त है। ऐसे में उनके खिलाफ केस है। केस का डर दिखाकर उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया गया और उनसे 18 लाख 45 हजार रुपए ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद भी कथित अधिकारियों द्वारा उनसे रुपयों की मांग की जा रही थी। ऐसे में उन्हें अपने साथ ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।