Bahadurgarh: पुलिस मुठभेड़ में दुष्कर्म के 2 आरोपी काबू, दरिंदों ने मासूम को बनाया था हवस का शिकार
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 07:42 AM (IST)
बहादुरगढ़ (प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने एवीटी पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना कसार गांव के पास स्थित केएलजे हाइट्स के नजदीक हुई। आरोपियों की पहचान लाइन-पार क्षेत्र निवासी मोहित उर्फ मेंडी और दीपक के रूप में हुई है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोहित के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी दीपक को भी हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने एक दिन पहले 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी।
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपियों को इलाज के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंचे डीसीपी क्राइम शुभम सिंह ने बताया कि दोनों आरोपी दुष्कर्म की वारदात में शामिल थे। उन्होंने बताया कि आरोपी मोहित उर्फ मेंडी के खिलाफ चोरी, छीना-झपटी और मारपीट समेत करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे आरोपी दीपक के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)