बहादुरगढ़ बाईपास पर रुका किसान मार्च, पुलिस से बातचीत के बाद घर वापस लौटे प्रदर्शनकारी, बाेले- आंदोलन रहेगा जारी

punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 01:57 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : दिल्ली के किसान घाट पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे किसानों ने रविवार को पुलिस के साथ बातचीत के बाद बहादुरगढ़ बाईपास से वापस अपने घर लौटने का फैसला किया। किसान सुबह करीब 6 बजे से बहादुरगढ़ बाईपास पर डटे हुए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दिल्ली-द्वारका यूईआर-2 के एंट्री पॉइंट पर रोक दिया।

किसानों का आरोप था कि उन्हें न तो दिल्ली की ओर आगे बढ़ने दिया गया और न ही वापस लौटने की अनुमति दी गई। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत चली, जिसके बाद सहमति बनी और किसानों ने आंदोलन को फिलहाल स्थगित करते हुए वापस पंजाब लौटने का निर्णय लिया।

PunjabKesari

किसान नेता सुखजिंदर ने कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली ट्रेड डील का किसान संगठन विरोध करते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंदोलन खत्म नहीं हुआ है, बल्कि फिलहाल स्थगित किया गया है। आगे की रणनीति किसान संगठनों की बैठक में तय की जाएगी।

बताया गया कि देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले देशभर के किसान संगठनों का दिल्ली के किसान घाट पर प्रदर्शन प्रस्तावित था। प्रदर्शन रद्द होने के बाद बहादुरगढ़ में रुके किसानों ने वापस लौटने का फैसला लिया। करीब 5 से 6 बसों में सवार भारतीय किसान यूनियन (खोसा) से जुड़े किसान बहादुरगढ़ पहुंचे थे। अब ये किसान रोहतक के रास्ते फिरोजपुर, मोगा और लुधियाना सहित पंजाब के विभिन्न जिलों के लिए रवाना हो गए।  

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)   


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static