2 लाख के नकली नोटों सहित आरोपी गिरफ्तार, हत्या केस में चल रहा था फरार
punjabkesari.in Saturday, Feb 20, 2021 - 08:26 AM (IST)
हिसार (ब्यूरो) : सिरसा से हत्या व लूट मामले में फरार आरोपी को 2 लाख के नकली नोटों के साथ स्पैशल स्टाफ ने सिटी थाना एरिया से गिरफ्तार किया है। सिरसा के चाहरवाला वासी आरोपी सुरेंद्र उर्फ लैफ्टी के पास से 2-2 हजार के 100 नकली नोट व एक अवैध रिवाल्वर बरामद हुआ है। आरोपी को शनिवार कोर्ट में पेश करके रिमांड पर लिया जाएगा। उसने कबूला है कि उसने 4 लाख कीमत के नकली नोट सिरसा में एक फोटोस्टेट की दुकान से छपवाए हैं।
पुलिस ने बताया कि उनको गुप्त सूचना मिली कि एक आरोपी संदिग्ध हालात में सिटी थाना एरिया में घूम रहा है। जब स्पैशल टीम ने आरोपी को शक के आधार पर हिरासत में लेकर चैकिंग कि तो उसकी जेब से 2000 के 100 नकली नोटों की गड्डी मिली, जिस पर स्टेट बैंक की स्लिप लगी हुई थी। इसके अलावा दूसरी जेब से एक अवैध पिस्टल बरामद हुई।
आरोपी सुरेंद्र ने बताया कि वह नशा करने का आदी है और इसी के कारण वह इस धंधे में शामिल हो गया। अवैध पिस्टल उसने गांव के एक आदमी से 6 साल पहले 5 हजार रुपए में खरीदा था और पिस्टल बेचने वाले की मौत हो चुकी है। अवैध नोटों के बारे में उसने बताया कि उसने ये नोट सिरसा में एक प्रिंटर वाले से छपवाए हैं। एक लाख रुपए के नोट वह हिसार में चलाने के लिए आया था और बाकी 3 लाख के नकली नोट उसने अपने घर की अल्मारी में छुपा रखे हैं। आरोपी के पास से बरामद नकली नोटों में से 60 एक ही सीरीज के व 40 एक नम्बर के हैं। आरोपी के खिलाफ भारतीय मुद्रा एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है।
हत्या व लूट के केस में वांछित है लैफ्टी
पुलिस रिकार्ड के मुताबिक आरोपी सुरेंद्र उर्फ लैफ्टी थाना नाथुसारी चोपटा में हत्या केस में वांछित अपराधी है। इसमें आरोपी ने अपने साथियों सहित मिलकर तरकांवाली वासी हनुमान की डंडों से पीटकर हत्या की थी। इसके अलावा उसने 2017 में अपने साथियों के साथ मिलकर राजस्थान के भादरा शहर में व्यापारी से 19 लाख रुपए की लूट की थी। उसने अग्रोहा मैडीकल कॉलेज से एक बाइक भी चोरी की थी।
नकली नोट सप्लाई करने का आरोपी पुलिस रिमांड पर
सिटी थाना पुलिस ने नकली नोट के मामले में विनोद नगर के सुरेंद्र व सुशील को एक दिन के रिमांड के बाद अदालत में पेश किया। यहां से उनको जेल भेज दिया गया। पुलिस ने नोट सप्लाई करने के आरोपी राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी रवि को अदालत में पेश किया। वहां से उसे 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने सुरेंद्र व सुशील को बुधवार को न्यू ऑटो मार्कीट से 100 रुपए के 5 नकली नोट के साथ पकड़ा था। सिटी थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)