विदेश भेजने के नाम पर दो चचेरे भाइयों से एजेंट ने साढ़े 5 लाख रुपए ठगे, रशिया की बजाय भेजा बहरीन, केस दर्ज
punjabkesari.in Thursday, Jun 01, 2023 - 10:59 AM (IST)

कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र के बाबैन में दो चचेरे भाइयों को रशिया भेजने के नाम पर एजेंट ने साढ़े 5 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने युवकों को रशिया की जगह बहरीन भेज दिया, वहां वीजा खत्म के बाद उनको वापस आना पड़ा। आरोपी ने रशिया भेजने के नाम पर 1.60 लाख रुपए एडवांस लिए थे। गांव गजलाना के प्रेम चन्द ने बताया कि वह अपने बेटे बन्टी व भतीजे सुनील को विदेश भेजना चाहता था। इसी बीच जयदेव निवासी घिलौर मगरा (यमुनानगर) ने दोनों को 2.20 लाख रुपए में रशिया भेजने का वादा किया। आरोपी ने उसे रशिया की टिकट दिखाकर 1.60 लाख रुपए लिए थे।
कुछ दिन बाद आरोपी उन दोनों को दिल्ली ले गया और 3 महीने तक वहीं रखा। इसका पूरा खर्चा उन ही पड़ा। बाद में आरोपी ने उनको बहरीन का एक महीने का वीजा लगवाकर भेज दिया। एक महीना यहां काम करने के बाद वीजा की अवधि नहीं बढ़ने पर वापस भेज दिया। वीजा खत्म होने के बाद उसने अपने खर्च पर बेटे और भतीजे को वापस बुलाया। इस पर उसके कुल साढ़े 5 लाख रुपए खर्च हुए। पैसे मांगने पर आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420 के तहत FIR दर्ज कर ली।