कृषि मंत्री ने महेंद्रगढ़ पहुंचकर फसलों के नुकसान का लिया जायजा, बोले – सरकार समय पर देगी मुआवजा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 29, 2023 - 06:00 PM (IST)

महेंद्रगढ़ (प्रदीप बालरोडिया) : प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने  पिछले सप्ताह हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिला महेंद्रगढ़ के विभिन्न गांवों के खेतों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा भी मौजूद रहे।

प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल आज महेंद्रगढ़ पहुंचे। पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास के आवास पर उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके बाद वे अधिकारियों को साथ लेकर ओलावृष्टि से प्रभावित गांव के खेतों में पहुंचे। इस मौके पर किसानों के साथ बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को पारदर्शी तरीके से समय पर मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अधिकारियों को विशेष गिरदावरी कराने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। उन्होंने कहा कि यह किसान हितैषी सरकार है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सरकार किसानों के साथ है। जिन किसानों ने अपनी फसल का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाया है उनका नुकसान बीमा कंपनी की ओर से दिलवाया जाएगा और शेष बचे किसानों को क्षतिपूर्ति पोर्टल पर सूचना देने के लिए कहा गया है। उन्हें सरकार अपनी तरफ से मुआवजा देगी।

कृषि मंत्री ने बताया कि किसानों की मांग पर हरियाणा सरकार ने नुकसान वाले गांवों के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल फिर से खोल दिया है। जिला महेंद्रगढ़ में 177 गांवों के लिए यह पोर्टल खोला गया है। अब किसान फसल नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दे सकते हैं।

दलाल ने बताया कि राज्य के लगभग 100966 किसानों ने ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर लगभग 569763 एकड़ क्षेत्र में फसल नुकसान की जानकारी दी है। कृषि मंत्री ने बताया कि महेंद्रगढ़ जिले में करीब 34916 किसानों ने करीब 146547 एकड़ क्षेत्र में हुए नुकसान की जानकारी ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दी है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित 24,000 किसानों ने कृषि कार्यालय, PMFBY.gov.in पोर्टल और क्रोप इंश्योरेंस एप पर अपनी फसलों को हुए नुकसान की सूचना दी है। कृषि मंत्री ने आज गांव निंबी, दुलोठ अहीर, बेरावाश, नंगल सिरोही और डेरोली जाट के खेतों का भ्रमण किया।

पूर्व शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने कहा कि महेंद्रगढ़ के दर्जनों गांव में ओलावृष्टि के कारण भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने क्षेत्र के गांव का मुआयना किया था और उन्हीं के निवेदन पर कृषि मंत्री आज किसानों के दर्द को बांटने के लिए इनके बीच पहुंचे हैं और सरकार किसानों की हरसंभव सहायता के लिए तैयार है।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mohammad Kumail

Recommended News

Related News

static