यमुना में बाढ़: टापू पर फंसे नौ लोगों के लिए देवदूत बनकर उतरी एयरफोर्स

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 06:54 PM (IST)

करनाल (ब्यूरो): यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, यहां तक कि नदी के साथ लगते कई गांवों में भी यमुना ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया है। हालांकि बाढ़ को मद्देनजर रखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। इसी बीच करनाल पुलिस इंडियन एयरफोर्स की मदद लेकर गांव टापू कमालपुर में फंसे परिवार के लिए देवदूत साबित हुई है। यहां टापू पर फंसे परिवार के नौ सदस्यों को एयरलिफ्ट किया गया।

यमुना नदी में बाढ़ LIVE: इन्द्री के दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा, प्रशासन से नहीं मिल रही मदद

इस बारे में करनाल के डीसी विनय प्रताप सिंह ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि करनाल के इंद्री इलाके के गांव गढ़पुर टापू के रहने वाले 9 सदस्यों का एक परिवार जो नदी के बीच छान बनाकर रह रहे थे वे पानी में फंस गया। जिस बारे में रात नौ बजे सूचना मिली। पहले आईआरबी के जवानों द्वारा नांव से बचाव का प्रयास किया गया, लेकिन वे असफल रहे, क्योंकि पानी की मात्रा बहुत ज्यादा और काफी अंधेरा हो गया था।

इसके बाद मुख्य सचिव महोदय के सहयोग से सहारनपुर के सरसावा में वायु सेना स्टेशन से संपर्क किया। परिवार के सदस्यों में से एक के पास मोबाइल फोन था, जिससे सटीक स्थान लैटिट्यूड और लांगिट्यूड के माध्यम से मालूम हुआ। फंसे हुए परिवार के सभी सदस्यों को रात में लगभग 2 बजकर 45 मिनट पर एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर द्वारा एयरलिफ्ट किया गया। 

यह खराब मौसम, रात की स्थिति और परिवार के अनिश्चित स्थान को देखते हुए एक जोखिम भरा ऑपरेशन था। परिवार अत्यधिक संकट में था क्योंकि पानी 4 फीट ऊंचा हो गया था और बचाव दल के पहुंचने तक उन्हें खुद को बचाने के लिए पेड़ पर चढऩा पड़ा। इस बचाव अभियान में नागरिक और सैन्य एजेंसियों का अच्छा समन्वय रहा। इस पूरे ऑपरेशन में करनाल पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया ने अहम भूमिका निभाई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static