खाकी का खौफ खत्म! अंबाला में पुलिस चौकी में घुसकर मुंशी की वर्दी फाड़ी, सरकारी फाइलें बिखेरीं

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 04:53 PM (IST)

अंबाला(अमन): होली की रात अंबाला कैंट की हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में उस समय हंगामा हो गया जब दो युवक चौकी में घुस आए और मुंशी के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथापाई कर दी। आरोप है कि युवकों ने मुंशी की वर्दी तक फाड़ दी और सरकारी फाइलों को भी इधर-उधर फेंक दिया। घटना के बाद आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।


 मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन 4 मार्च की शाम को अंबाला कैंट की हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी में ईएएसआई रणधीर सिंह मुंशी के तौर पर ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सुल्तान गली निवासी अमर और उसका साथी रिक्की उर्फ मइया चौकी में पहुंचे। दोनों युवक किसी झगड़े की शिकायत लेकर आए थे। जब मुंशी रणधीर सिंह ने उनसे शिकायत लिखित में देने के लिए कहा तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मुंशी के साथ हाथापाई शुरू कर दी और उसकी वर्दी तक फाड़ दी।

इतना ही नहीं आरोपियों ने चौकी में रखी सरकारी फाइलों और कागजात को भी मेज से उठाकर इधर-उधर फेंक दिया। जब वहां मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। आरोपियों का कहना था कि जब उनके साथ मारपीट हुई है तो दूसरे पक्ष की शिकायत पहले कैसे दर्ज कर ली गई। इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोनों युवक पुलिस को धमकाते हुए मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static