दर्दनाक सड़क हादसा: अचानक ब्रेक लगे ट्रक से टकराई एंबुलेंस, CISF इंस्पेक्टर, पत्नी और चालक की मौत
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 08:31 AM (IST)
झज्जर(दिनेश) : झज्जर जिले के बादली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार बुजुर्ग दंपती और एंबुलेंस चालक की मौत हो गई,जबकि बुजुर्ग का बेटा घायल हो गया। मृतकों की पहचान झज्जर शहर निवासी सैमप्रकाश,उनकी पत्नी लक्ष्मी और एंबुलेंस चालक प्रमोद के रूप में हुई है।
घायल पंकज को इलाज के लिए झज्जर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी l जानकारी के अनुसार,सीआईएसएफ निरीक्षक सैमप्रकाश 30 अगस्त को ड्यूटी से घर लौटते समय सड़क हादसे में घायल हो गए थे। इसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। रविवार को वह अपनी पत्नी लक्ष्मी और बेटे पंकज के साथ एंबुलेंस में गुरुग्राम के एक अस्पताल में टांके कटवाने गए थे। इलाज करवाने के बाद परिवार एंबुलेंस से झज्जर लौट रहा था। इसी दौरान बादली के पास एंबुलेंस की ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में एंबुलेंस सवार सैमप्रकाश,उनकी पत्नी लक्ष्मी और चालक प्रमोद की मौत हो गई, जबकि पंकज घायल हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,बादली के पास ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण एंबुलेंस उससे टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार तीन लोगों की जान चली गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बादली थाना प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में एंबुलेंस और ट्रक की टक्कर से हादसा हुआ है। इसमें एंबुलेंस चालक सहित तीन लोगों की मौत हुई है,जबकि एक व्यक्ति घायल है l घायल को झज्जर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल के बयान दर्ज करने के बाद मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।