18 जून को सिरसा में होगी अमित शाह की रैली, ADGP ने किया रैली स्थल का निरीक्षण, 6 SP संभालेंगे मोर्चा
punjabkesari.in Monday, Jun 12, 2023 - 06:23 PM (IST)

सिरसा (सतनाम सिंह) : भाजपा सरकार के 9 साल पूरे होने पर सिरसा की अनाज मंडी में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली 18 जून को होगी। अनाज मंडी को आज रैली स्थल के रूप में चिंहित किया गया। केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रैली का आयोजन किया गया। इसी के साथ वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा के चुनावों की तैयारियां का आगाज में सिरसा में होने वाली अमित शाह की रैली से होगा। अनाज मंडी में दो शेड के नीचे रैली का आयोजन होगा। भव्य रूप से रैली का पंडाल तैयार किया जाएगा। दो बड़ी स्क्रीन पर उपस्थित लोग रैली का नजारा देखेंगे। रैली स्थल फाइनल होने के बाद सोमवार दोपहर एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने अनाज मंडी का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, पार्किंग की प्लानिंग सहित अन्य जरूरतों को देखते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा से बातचीत की। इसके बाद मौके पर मौजूद हिसार रेंज के छह एसपी को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि रैली स्थल अनाज मंडी को फाइनल कर दिया गया है। इसके बाद अधिकारी समय-समय पर आकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों व कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं। गोबिंद कांडा ने कहा कि यह रैली भीड़ व भव्यता के लिहाज से सिरसा ही नहीं पूरे हरियाणा में ऐतिहासिक होगी। रैली का पंडाल व अन्य व्यवस्थाएं देखने योग्य होंगी। लोग पंडाल की सजावट को देखकर अचंभित होंगे। दो बड़ी स्क्रीन लगाकर रैली को लाइव दिखाया जाएगा। इसी के साथ साउंड सिस्टम भी दिल्ली से मंगवाया जा रहा है।
एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने 19 जून को सिरसा की अनाज मंडी में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली होनी है। रैली की सुरक्षा, पार्किंग व अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए वे अनाज मंडी पहुंचे हैं। यहां जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि रैली में सुरक्षा के चाक-चौबंध प्रबंध होंगे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)