कैथल की Anganwadi Worker को राज्य पुरस्कार से किया गया सम्मानित, इस वजह से मिला सम्मान

punjabkesari.in Sunday, Mar 09, 2025 - 04:20 PM (IST)

कैथल (जयपाल रसूलपुर): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैथल जिले के गांव माण्डी सदरा की आंगनवाड़ी वर्कर कोमल रानी को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया। कोमल रानी को प्ले स्कूल में बेहतरीन कार्य करने के लिए यह सम्मान दिया गया। वह कैथल जिले की इकलौती महिला थीं, जिनका चयन राज्य पुरस्कार के लिए हुआ। 

शनिवार को पंचकूला के रेड बिशप में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हरियाणा के विभिन्न जिलों से 50 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।  इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी गुरजीत कौर ने कोमल रानी को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी।


उन्होंने कहा कि कोमल रानी एक मेहनती और होनहार आंगनवाड़ी वर्कर हैं। उन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में अनुकरणीय योगदान दिया है। अन्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित यह सम्मान समारोह महिला शक्ति को प्रोत्साहित करने और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को पहचान देने का बेहतरीन उदाहरण बना।

 

कोमल रानी की इस उपलब्धि पर कैथल जिला प्रशासन की ओर से एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा ने भी उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल कोमल रानी के लिए, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है।कोमल रानी की इस उपलब्धि ने जिले की अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास महिलाओं को उनके साहस, परिश्रम और समर्पण के लिए पहचान और सम्मान देने का महत्वपूर्ण कदम है।


राज्य पुरस्कार प्राप्त करने के बाद कोमल रानी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रुति चौधरी, विभाग की महानिदेशक मोनिका मलिक, एडीसी दीपक बाबूलाल कारवा और डीपीओ गुरजीत कौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। 


मैंने हमेशा अपने कार्य को पूरी निष्ठा और लगन से किया है, और आगे भी इसी समर्पण के साथ काम करती रहूंगी। इस सम्मान ने मुझे और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने कहा कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और महिलाओं को संदेश दिया कि वे अपने कार्य को पूरी निष्ठा से करें, क्योंकि मेहनत का फल जरूर मिलता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और अगर वे पूरी लगन से काम करें तो वे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static