हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड, 5 दिन बाद सोनीपत के 2 शूटर मुठभेड़ में ढेर; शामली में 20 से ज्यादा गोलियां मारी
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 08:35 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणवी गायक अंकित बलियान केस में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। आज सुबह 5 दिन बाद शामली पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए। दोनों गोगी गैंग के शूटर बताए जा रहे हैं और सोनीपत जिले के निवासी बताए जा रहे है।
ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने कहा, "शामली कोतवाली के पास अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। CCTV फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ से पता चला कि इस घटना में चार शूटर शामिल थे; वे दो मोटरसाइकिलों पर भाग गए। उनका लगातार पीछा किया गया।
ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने आगे बताया कि आज सुबह, शामली पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए। उनके पास से आधुनिक हथियार बरामद हुए। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिससे हमारे दो कॉन्स्टेबल घायल हो गए। बाकी शूटरों और गैंग के सीनियर सदस्यों के बारे में जांच चल रही है; उन सभी को सज़ा दिलाई जाएगी।" एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में शामली कोतवाली पुलिस, झिंझाना थाना और शामली स्वाट टीम के जवान शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल से तीन पिस्तौल, 26 कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 5000 रूपये नगद बरामद किए। हरियाणा में अभियुक्त मोहित के विरुद्ध करीब 14 अभियोग और सुमित के खिलाफ एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी मिली है। साथ ही उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है। पुलिस के बयान में कहा गया है कि मुठभेड़ के सिलसिले में शामली कोतवाली थाने में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि 26 अगस्त को हरियाणा के यूट्यूबर और हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की यूपी के शामली में जिम से बाहर निकलते ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। जिम के बाहर हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था। घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की है।
कौन थे अंकित बालियान
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में ताबड़तोड़ गोलियां लगने से जान गंवाने वाले हरियाणवी गायक एवं यूट्यूबर अंकित बालियान कुछ महीने पहले हरियाणा छोड़कर अपने गांव में रहते थे और जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे। उनके एक परिजन ने बताया कि पूर्व में कबड्डी के खिलाड़ी रहे बालियान ने बाद में पैरों में परेशानी की वजह से खेल छोड़कर वर्ष 2022 में यूट्यूब पर अपना चैनल खोला था। उन्होंने बताया कि बालियान ने अपने यूट्यूब चैनल पर 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' जैसे कई गीत डाले जो खासे लोकप्रिय हुए। उसके बाद वह हरियाणा के सोनीपत में रहने लगे, मगर पिछले करीब आठ महीने से वह शामली के अपने पैतृक गांव बंतीखेड़ा में रह रहे थे और रोजाना जिम में कसरत करने जाते थे।
परिजन के मुताबिक, बालियान का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। उन्होंने बताया कि बालियान शारीरिक शिक्षा में स्नातक थे और सरकारी नौकरी के लिये प्रयास भी किये थे। उन्होंने बताया कि बालियान की पत्नी दिल्ली में सरकारी शिक्षिका है और उनका भाई राजीव कोटा में रहता है जबकि उसके पिता सतवीर सिंह सेवानिवृत्त सैनिक हैं।