यमुनानगर में फिर हुई मुठभेड़, पीछा करने के बाद 24 वारदातों में शामिल इनामी बदमाश मुंशी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 07:45 AM (IST)
यमुनानगर (परवेज): अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यमुनानगर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए (CIA) स्टाफ-1 की टीम ने एक साहसिक कार्रवाई करते हुए दो दर्जन से अधिक मामलों में वांछित और इनामी बदमाश मोनू उर्फ मुंशी को दबोच लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोनू उर्फ मुंशी अपने एक साथी के साथ आईटीआई चौक के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। जैसे ही सीआईए की टीम मौके पर पहुँची, बदमाश बाइक पर सवार होकर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद बदमाशों ने बाइक को रटौली गांव की ओर मोड़ दिया। रटौली गांव के पास सड़क पर बिखरी बजरी के कारण बदमाशों की बाइक असंतुलित होकर फिसल गई।
हादसे में मोनू उर्फ मुंशी सड़क के बीचो-बीच गिर गया और उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे तुरंत मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। घायल मुंशी को तुरंत यमुनानगर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्रिमिनल प्रोफाइल और हालिया वारदातें
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मोनू उर्फ मुंशी एक शातिर अपराधी है। आरोपी पर हत्या के प्रयास और लूट जैसे लगभग 24 मामले दर्ज हैं।वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस कारण पुलिस ने उस पर इनाम भी रखा था।हाल ही में उसने एक शादी समारोह में घुसकर लूटपाट की थी, जिसके बाद से पुलिस की कई टीमें उसके पीछे लगी हुई थीं।