कैदी काट रहे सजा या ले रहे मजा? वीडियो वायरल होने के बाद हरियाणा पुलिस के उड़े होश... जानें पूरा मामला
punjabkesari.in Saturday, Apr 11, 2026 - 02:31 PM (IST)
कुरुक्षेत्र: हरियाणा की जेलों में सुरक्षा के दावों की पोल एक बार फिर खुल गई है। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र की जेल से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस प्रशासन और जेल मैनुअल की धज्जियां उड़ा दी हैं। यहाँ सलाखों के पीछे बंद कैदियों ने न केवल धड़ल्ले से मोबाइल का इस्तेमाल किया, बल्कि पंजाबी गानों पर 'दबंगई' वाली रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इस घटना के बाद अब यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है कि क्या अपराधियों के लिए जेल अब सजा का घर नहीं, बल्कि 'मौज-मस्ती' का अड्डा बन गई है?
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस रील में कुछ कैदी जेल परिसर के भीतर किसी सेलिब्रिटी की तरह चलते और पोज़ देते नजर आ रहे हैं। वीडियो के बैकग्राउंड में ऐसे गाने चल रहे हैं जो गन-कल्चर और अपराध की दुनिया को बढ़ावा देते हैं। वीडियो में कैदियों का बेखौफ अंदाज देखकर यह अंदाजा लगाना मुश्किल है कि ये अपराधी सजा काट रहे हैं। उनके चेहरों पर न तो कानून का डर दिख रहा है और न ही प्रशासन की सख्ती का कोई असर नजर आ रहा है।
कुरुक्षेत्र जेल की इस रील ने हरियाणा पुलिस और जेल विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल की ऊँची दीवारों और सघन तलाशी के बावजूद स्मार्टफोन अंदर कैसे पहुँचा? करोड़ों रुपये की लागत से जेलों में जैमर्स लगाए जाते हैं, लेकिन कैदियों द्वारा इंटरनेट का इस्तेमाल करना यह दर्शाता है कि ये जैमर्स या तो खराब हैं या फिर जानबूझकर बंद रखे गए हैं। क्या बिना किसी जेल कर्मचारी की मिलीभगत के कैदी इस तरह वीडियो शूट कर उसे अपलोड कर सकते हैं?
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया के जरिए उच्च अधिकारियों के संज्ञान में आया, जेल महकमे में हड़कंप मच गया। सूत्रों के मुताबिक, जेल महानिदेशक ने इस पर कड़ा संज्ञान लिया है और मामले की आंतरिक जांच के आदेश दे दिए हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे कैदियों की पहचान कर ली गई है और उनकी बैरकों में छापेमारी की जा रही है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों पर भी गाज गिरनी तय मानी जा रही है, क्योंकि यह सीधे तौर पर सुरक्षा में एक बड़ी सेंध है।