कुरुक्षेत्र का रजनीकांत हत्याकांड; 8 महीने से आरोपी कर रहा था आंख-मिचौली, पुलिस ने दबोचकर पुलिस रिमांड पर भेजा

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 07:47 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र के इस्माइलाबाद क्षेत्र में जनवरी में हुए तेलंगाना निवासी रजनीकांत हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 8 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी परमजीत उर्फ रिंकू निवासी मटेड़ी (अंबाला) को गिरफ्तार कर लिया गया है। अदालत में पेश करने के बाद आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही दो आरोपियों हरमन और राम स्वरूप को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की पूरी साजिश, फरारी के दौरान मिली मदद और वारदात में उसकी भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस पहले ही वारदात में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद कर चुकी है।

जांच में सामने आया कि तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के निवासी रजनीकांत रूस में लोगों को नौकरी दिलाने का काम करते थे। पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया। शुरुआती जांच में मामला वीजा विवाद से जुड़ा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ने पर हत्या की वजह पैसों का लेन-देन और आपसी विवाद सामने आया।

गौरतलब है कि 6 जनवरी को इस्माइलाबाद के मटेड़ी गांव के पास सड़क किनारे रजनीकांत का खून से लथपथ शव मिला था। पोस्टमार्टम में गर्दन, चेहरे, कमर और सिर पर धारदार हथियार से कई वार होने की पुष्टि हुई थी। शव की जेब से मिली रूस की पुरानी टिकट के आधार पर पुलिस मृतक के परिजनों तक पहुंची और जांच का दायरा आगे बढ़ाया।

थाना इस्माइलाबाद पुलिस का कहना है कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात की पूरी प्लानिंग, हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा फरारी के दौरान मिली सहायता के संबंध में पूछताछ की जाएगी। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें) 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static