सेना प्रमुख की हरियाणा के राज्यपाल से अहम मुलाकात, सुरक्षा से लेकर अग्निवीरों के भविष्य तक बनी रणनीति
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 04:08 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : भारतीय सेना की कमान संभालने के बाद सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की। करीब अहम माने जा रहे इस संवाद में राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय सुरक्षा चुनौतियों और सेना तथा नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर जोर रहा कि बदलती सुरक्षा परिस्थितियों के बीच सिविल-मिलिट्री तालमेल को और मजबूत बनाना समय की जरूरत है।
आंतरिक सुरक्षा से लेकर ऑपरेशनल तैयारियों तक चर्चा
बैठक के दौरान आंतरिक सुरक्षा और सेना की ऑपरेशनल तैयारियों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श हुआ। प्राकृतिक आपदाओं के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने तथा ऐसी परिस्थितियों में सेना और स्थानीय प्रशासन के बीच त्वरित समन्वय सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। हरियाणा की भौगोलिक और रणनीतिक स्थिति को देखते हुए सैन्य प्रतिष्ठानों तथा नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल को महत्वपूर्ण माना गया। बैठक में सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर आपसी सहयोग बढ़ाने और जरूरत के समय संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने की दिशा में भी विचार साझा किए गए।
अग्निवीरों के रोजगार और युवाओं के सशक्तिकरण पर फोकस
बैठक में अग्निवीरों के लिए सेना से सेवा पूरी करने के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा युवाओं को सशक्त बनाने के विषय पर भी चर्चा हुई। हरियाणा लंबे समय से सेना में युवाओं की मजबूत भागीदारी के लिए जाना जाता है। ऐसे में अग्निवीरों के कौशल और अनुभव का नागरिक क्षेत्र में बेहतर उपयोग कैसे हो, इस दिशा में संभावनाओं पर मंथन किया गया।पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में रहे। इसके साथ ही हाउसिंग प्रोजेक्ट्स और सैनिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी पहलों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।
‘आत्मनिर्भर सेना’ के प्रयासों पर भी चर्चा
सेना द्वारा आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाए जा रहे कदमों और स्वदेशी तकनीक एवं संसाधनों को बढ़ावा देने के प्रयासों पर भी चर्चा हुई। आधुनिक युद्ध की बदलती प्रकृति को देखते हुए सेना की तकनीकी क्षमता और आत्मनिर्भरता को राष्ट्रीय सुरक्षा का अहम आधार माना जा रहा है।बैठक में लेडी गवर्नर मित्रा घोष, वेस्टर्न कमांड के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, राज्यपाल के सचिव विजय कुमार भाविकट्टी तथा सेना मुख्यालय और हरियाणा सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हरियाणा के सैन्य खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना
मुलाकात के दौरान हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले भारतीय सेना के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की गई। सेना में प्रदेश के युवाओं की भागीदारी और खेलों के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों को राज्य और देश के लिए गौरव का विषय बताया गया।
राष्ट्र-निर्माण में सेना की भूमिका का भरोसा
सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र-निर्माण के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने राज्यपाल को भरोसा दिलाया कि सेना देश की सुरक्षा के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर नागरिक प्रशासन के सहयोग और आपदा प्रबंधन में भी पूरी तत्परता के साथ भूमिका निभाती रहेगी।
भारतीय सेना की कमान संभालने के बाद राज्यपाल के साथ जनरल धीरज सेठ की यह पहली मुलाकात थी। बैठक के समापन पर दोनों पक्षों की ओर से स्मृति चिन्हों और यादगार उपहारों का आदान-प्रदान किया गया। मुलाकात को सेना और हरियाणा के नागरिक प्रशासन के बीच समन्वय को नई मजबूती देने वाली महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।