विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने करनाल नगर निगम के पार्षदों के साथ किया संवाद, महत्वपूर्ण विषयों पर किया विचार-विमर्श
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 07:36 PM (IST)
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने करनाल में नगर निगम के पार्षदों के साथ बैठक की। बैठक में जनप्रतिनिधियों की भूमिका, विधायी प्रक्रियाओं तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान गत वर्ष 3-4 जुलाई को गुरुग्राम के मानेसर में आयोजित शहरी निकायों के राष्ट्रीय सम्मेलन में सामने आए महत्वपूर्ण विषयों पर हुए विचार-विमर्श की कड़ी में चर्चा हुई। इस अवसर पर विस अध्यक्ष कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'एक राष्ट्र–एक विधान' की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।
ऐसे में प्रत्येक जनप्रतिनिधि के लिए यह आवश्यक है कि वह केवल जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तक ही सीमित न रहे, बल्कि विधायी प्रक्रियाओं, संवैधानिक प्रावधानों तथा संबंधित नियम-कानूनों का भी समुचित ज्ञान रखे।
विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि एक जागरूक और अध्ययनशील जनप्रतिनिधि ही जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतर सकता है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी बना सकता है। उन्होंने पार्षदों से आग्रह किया कि वे अपने दायित्वों के निर्वहन में नियमों और कानूनों का नियमित अध्ययन करें तथा सदैव जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, जिनके लिए जनसेवा प्रथम दायित्व हो।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)