करनाल में सनसनी: पश्चिमी यमुना नहर में मिला किशोर का शव, गोताखोरों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद निकाला बाहर!

punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2026 - 01:21 PM (IST)

करनाल: करनाल में काछवा पुल के पास बनी पश्चिमी यमुना नहर की झाल में आज सुबह एक 16 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
 
सूचना मिलते ही गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नहर के तेज बहाव के बीच शव को तलाशने का काम शुरू किया। लगभग 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रस्सी की मदद से 16 वर्षीय लड़के के शव को नहर से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस भेज दिया।

 
गोताखोरों के अनुसार, हाल ही में यमुनानगर से 5 लोगों के नहर में डूबने की सूचना मिली थी। आशंका जताई जा रही है कि नहर में बहकर आया यह 16 वर्षीय किशोर भी उन्हीं 5 लोगों में से एक हो सकता है। फिलहाल पुलिस आसपास के जिलों और पुलिस स्टेशनों से संपर्क साधकर मृतक की शिनाख्त (Identification) कराने के प्रयास में जुटी हुई है, ताकि परिजनों को सूचित किया जा सके।
 
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिक दृष्टया यह मामला डूबने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और शव की पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों और स्थिति का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static