हिसार में ITI चौक पर एक गुट ने गोली तो दूसरे गुट ने चलाए चाकू, 2 युवक हुए घायल
punjabkesari.in Sunday, Jan 29, 2023 - 08:38 AM (IST)

हिसार : तोशाम रोड पर आई.टी.आई. चौक के पास रंजिश के चलते शनिवार शाम को 2 गुटों के बीच झगड़ा हो गया। पुलिस के अनुसार मॉडल टाऊन के युवक और उसके साथियों ने आई. टी. आई. चौक के पास प्रकट नामक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद घायल प्रकट के साथियों ने हमलावर गुट के युवकों की तलाश शुरू कर दी।
इसी दौरान आई.टी.आई. चौक के पास मुख्य हमलावर का साथी कृष्णा नगर निवासी अजय वहां से बाइक पर जाता मिला। वह पास के एक निजी अस्पताल के पास पहुंचा तो कार से बाइक को टक्कर मारी गई। टक्कर लगने से बाइक फिसल गई और अजय जमीन पर जा गिरा। गाड़ी से कुछ युवक उतरे और एक के बाद एक 2 फायर किए। एक गोली अजय की टांग में लगी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। बाद में अजय को तोशाम रोड के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया।
जानकारी के अनुसार करीब एक माह पहले मुख्य हमलावर और उसके साथियों को प्रकट गुट ने पीटा था। उसके बाद से दोनों गुटों में तनातनी चल रही है जिसके चलते आज दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया। वारदात के बाद डी.एस.पी. अशोक कुमार, सिविल लाइन और अर्बन एस्टेट थाने के एस.एच.ओ. मौके पर पहुंचे तथा छानबीन की। पुलिस को वारदात स्थल पर गोली के 2 खोल और 1 तेजदार हथियार मिला है। अर्बन एस्टेट थाने के एस.एच.ओ. विनोद कुमार का कहना है कि पुलिस क्षेत्र के सी.सी.टी.वी. की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापामारी जारी है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)