शातिर चोर vs स्मार्ट सायरन: यूको बैंक के ATM का ताला तोड़ा, लेकिन खाली हाथ भागना पड़ा!
punjabkesari.in Friday, Mar 06, 2026 - 12:03 PM (IST)
जुलाना(विजेन्दर): कस्बे के मैन बाजार में स्थित यूको बैंक के एटीएम को बीती रात एक युवक ने निशाना बनाने की कोशिश की। युवक ने एटीएम का ताला तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन जैसे ही सुरक्षा सायरन बजा, वह मौके से भाग खड़ा हुआ। पूरी घटना एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 10 बजे एक युवक मैन बाजार स्थित यूको बैंक के एटीएम के पास पहुंचा। कुछ देर तक इधर-उधर देखने के बाद उसने एटीएम का ताला तोड़ने की कोशिश की। युवक किसी औजार की मदद से लॉक को तोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान अचानक एटीएम का सुरक्षा सायरन बजने लगा।
सायरन की आवाज सुनते ही युवक घबरा गया और तुरंत मौके से फरार हो गया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही जुलाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एटीएम के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज में एक युवक एटीएम के बाहर और अंदर आता-जाता दिखाई दे रहा है।