Bahadurgarh : करोड़ों की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 शातिर चोर गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे पकड़े...

punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 07:50 PM (IST)

बहादुरगढ़ (प्रवीण कुमार) : बहादुरगढ़ पुलिस को ज्वेलरी शॉप से करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जो मेन बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप से सोना-चांदी चोरी की वारदात में शामिल थे। 

डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि 7 अक्टूबर को बहादुरगढ़ के मैन बाजार स्थित कोमल ज्वेलर्स की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। ज्वेलरी शॉप के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था, जिसमें करीब 5 किलो सोना और 35 किलो चांदी चोरी होने की बात सामने आई थी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, साइबर एक्सपर्ट्स और एआई तकनीक की मदद ली। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए एक चोरी की वेगनआर कार का इस्तेमाल किया था। सबूत मिटाने के उद्देश्य से चोरी के बाद आरोपियों ने कार को आग के हवाले कर दिया। आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए एक महीने पहले रेकी की थी और चोरी करने के लिए एक दिन पहले भी कमल ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंचे थे। मगर वहां चोरी नहीं कर पाए। अगले दिन 7 अक्टूबर को चोरों ने एक बार फिर से प्रयास किया जिसमें वह कामयाब हो गए।

पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले भी 6 से 7 चोरी के मामले दर्ज हैं। ये आरोपी हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में बड़ी चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और वारदात के बाद अलग-अलग दिशाओं में फरार हो जाते थे। गिरफ्तार आरोपियों को आज बहादुरगढ़ कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 6 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी करेगी।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static