सावधान! सस्ता टूर पैकेज कहीं पड़ न जाए महंगा: फेसबुक वाले ''एजेंट'' ने कैथल के युवक को लगाया चूना

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 05:48 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में सिंगापुर फैमिली टूर पैकेज के नाम पर 1.40 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फेसबुक पर आए एक विज्ञापन को देखकर आरोपी से संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को ट्रैवल एजेंट बताकर जल्दी वीजा लगवाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में पैसे ऐंठ लिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने अपना नंबर ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव इसाक निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि उसने अपनी फेसबुक आईडी पर विदेश टूर पैकेज से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में एक मोबाइल नंबर दिया गया था। उसने पहले उस नंबर पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग पाया। इसके बाद उसने व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से आरोपी से बातचीत की।

आरोपी ने अपना नाम कुमार निवासी कैथल बताया और खुद को ट्रैवल एजेंट बताते हुए विदेश टूर पैकेज का काम करने की बात कही। दोनों के बीच करीब चार दिन तक बातचीत होती रही। आरोपी ने चार दिन के सिंगापुर फैमिली टूर पैकेज की कीमत करीब 1.40 लाख रुपए बताई।

पीड़ित पैकेज लेने के लिए तैयार हो गया, जिसके बाद आरोपी ने उससे एडवांस पेमेंट की मांग की। आरोपी ने पेमेंट के लिए एक बैंक अकाउंट नंबर भेजा। इस पर दीपक शर्मा ने अपने एक्सिस बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से 55 हजार और 35 हजार रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

इसके अलावा करीब 50 हजार रुपए उसने एसबीआई पिहोवा शाखा के एटीएम से नकद जमा कर दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। भुगतान करने के बाद पीड़ित ने भुगतान की स्क्रीनशॉट भी आरोपी को व्हाट्सऐप पर भेज दी।

कुछ समय बाद जब पीड़ित ने टूर पैकेज और वीजा प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेनी चाही तो आरोपी ने उसका नंबर हर जगह से ब्लॉक कर दिया। उसने दूसरे नंबर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जब उसने कैथल जाकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसके साथ ठगी हो चुकी है।

इसके बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static