कुरुक्षेत्र में कार और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, 8 माह की गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 12:17 PM (IST)

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : कुरुक्षेत्र में 100 फुट रोड पर सर्किट हाउस के सामने तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव के फतेहपुर गांव निवासी परमजीत के रूप में हुई है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार परमजीत करीब 20 दिन पहले अपने परिवार के साथ कुरुक्षेत्र के सेक्टर-20 स्थित सरतल गांव में रह रहा था और रंग-पुताई का काम करता था। करीब तीन साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पत्नी करीब आठ माह की गर्भवती है। परमजीत अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था।

बताया गया कि रात करीब 10 बजे परमजीत अपने मामा-ससुर ओमप्रकाश के साथ बाइक पर सेक्टर-13 में सब्जी लेने जा रहा था। जब दोनों सर्किट हाउस के सामने पहुंचे तो पीछे से तेज रफ्तार में आई कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। परमजीत के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

हादसे के बाद कार चालक कुछ देर मौके पर रुका, लेकिन बाद में कार लेकर फरार हो गया। घायल परमजीत को पहले एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मोहड़ी के आदेश अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार परमजीत अपने भाई अजय और सुरजीत से छोटा था तथा परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं आठ माह की गर्भवती पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना सिटी थानेसर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static