''आप'' के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक का बड़ा दावा, लोकसभा चुनाव में दिल्ली-पंजाब में BJP का खाता भी नहीं खुलेगा

punjabkesari.in Saturday, Oct 21, 2023 - 12:38 PM (IST)

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के चाणक्य कहे जाने वाले संदीप पाठक ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ी भविष्यवाणी कर दी है। दिल्ली आई.आई.टी. में असिस्टेंट प्रोफैसर नौकरी छोड़कर आप में शामिल हुए संदीप पाठक का दावा है कि लोकसभा चुनाव में पंजाब और दिल्ली में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। पंजाब केसरी से खास बातचीत में राज्यसभा सांसद एवं आप के राष्ट्रीय संगठन महासचिव संदीप पाठक ने राजनीति में आने और हरियाणा में पार्टी के भविष्य को लेकर खुलकर चर्चा की। पेश है उनके साथ किए गए इंटरव्यू के प्रमुख अंश

IIT में असिस्टैंट प्रोफैसर की नौकरी छोड़कर आप राजनीति में क्यों आए। अब तक का अनुभव कैसा है ?
बचपन से ही मेरे मन में था कि मैं प्रत्यक्ष रूप से देश की सेवा में काम आऊं। राजनीति ही ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा देश में आमूलचूल परिवर्तन किया जा सकता है। देश की सेवा तो मैं साइंटिस्ट होते भी कर सकता था लेकिन राजनीति और सिस्टम में आकर ही आप देश को पूरे तरीके से ठीक कर सकते हो आज देश को सबसे ज्यादा जरूरत राजनीति को ठीक करने की है और मैं इसी मकसद से राजनीति में आया हूं। हर दिन सीख रहा हूं। मेरी सोच केवल देश को नंबर 1 बनाने की है और उसमें अपना शत प्रतिशत दे रहा हूं।

आपने आम आदमी पार्टी ही क्यों चुनी। कांग्रेस और भाजपा जैसे बड़े दल में क्यों नहीं गए?
जब मैंने राजनीति में आने का मन बनाया तब देश में दो ही प्रमुख पार्टियां थीं एक भाजपा और दूसरी कांग्रेस। मेरे मन में ख्याल आता था राजनीति में जाना तो है लेकिन किस पार्टी में जाएं। तब क्लीयरिटी नहीं थी। जब अन्ना आंदोलन हुआ तब मैं इंगलैंड में था । वहां से रोज आंदोलन को फॉलो करता था। उसी दौरान आम आदमी पार्टी का गठन हुआ। तब मुझे लगा कि 'आप' ही ऐसी पार्टी और केजरीवाल ही ऐसे नेता हैं जिसके साथ काम करना है। बाकी सभी पार्टियां तो जाति-पाति की बात करती हैं, मारने काटने की बात करती हैं। लेकिन मेरा विचार आप से मेल खाता था इसलिए मैंने आम आदमी पार्टी को चुना।

पंजाब और गुजरात के बाद अब हरियाणा में आपके पास बड़ी जिम्मेदारी है। पार्टी को कहां देखते हैं?
हरियाणा कई मायनों में बाकी राज्यों से अलग है। हरियाणा दिल्ली और पंजाब से जुड़ा हुआ है। दोनों जगह हमारी सरकार है। हरियाणा के लोगों की दोनों ही राज्यों में रिश्तेदारियां भी हैं। यहां के लोगों को बाखूबी पता है कि केजरीवाल और भगवंत मान बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। अब हरियाणा के लोगों को हमसे उम्मीदें हैं। हरियाणा ने भाजपा और कांग्रेस को लंबे समय से मौका दिया। जनता अब बदलाव चाह रही है और अब उनके पास मजबूत विकल्प आम आदमी पार्टी के रूप में है। पंजाब और दिल्ली ने बदलाव के लिए वोट किया था अब हिरयाणा भी बदलाव के लिए वोट करेगा और हम 2024 में पूर्ण बहुमत सरकार बनाएंगे।

जो लहर पंजाब की जीत के बाद बनी थी वो खत्म क्यों हो गई। आप आदमपुर में जमानत तक नहीं बचा पाए ?2022 में जब पंजाब में हमारी सरकार बनी तो हरियाणा ही नहीं पूरे देश में हमारी लहर थी। पार्टी का ग्राफ भी काफी ऊपर उठ गया था। लेकिन जमीन पर संगठन ना होने की वजह से हम उस ग्राफ को बना कर नहीं रख पाए। अब हमने बहुत बड़ा संगठन खड़ा कर लिया है। हरियाणा में हमने दो लाख से ज्यादा पदाधिकारी बनाए हैं। हर गांव में हमारी 21 सदस्यीय कमेटी है। आदमपुर से हमने बहुत सबक लिया और अब हम पूरी तरह से तैयार हैं।

क्या गुटबाजी को रोकने के लिए आपने इतने सारे पदाधिकारी बनाए हैं?
मैं मानता हूं कि हमारी पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। कोई गुटबाजी करेगा तो मैं होने ही नहीं दूंगा। कोई भी व्यक्ति पार्टी से बड़ा नहीं है। हां मेरिट और तजुर्बे को हम नजरअंदाज नहीं करते। पद मिलने के बाद भी अगर किसी ने कोई गुटबाजी की तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। हम सख्त कदम उठाते हैं।

क्या दिल्ली और पंजाब की तरह मुफ्त का वादा हरियाणा में सत्ता की कुर्सी तक पहुंचाएगा ?
हम मुफ्त नहीं देते। जनता का पैसा ही जनता की भलाई के लिए उचित रूप से उन्हें ही लौटा देते हैं। हम दूसरी पार्टियों की तरह अपनी जेबें नहीं भरते। हम फ्री की राजनीति करते हैं और हमें इससे कोई गुरेज नहीं है। आज की डेट में भाजपा और कांग्रेस भी हमारे आइडिया और गारंटी चुरा रहे हैं। वो फ्री का वादा करके दूसरे राज्यों में सरकारें बना रहे हैं। गरीब और किसान का बेटा भी अच्छे स्कूलों में पढ़े हमारी ये सोच है। फ्री शिक्षा कोई भीख नहीं बल्कि इन्वेस्टमेंट है। बच्चे अच्छा पढ़ेंगे तो प्रदेश का भविष्य भी उज्जवल होगा।

INDIA गठबंधन में कांग्रेस के साथ पंजाब और दिल्ली में सीटों पर क्या समझौता करेंगे ?
हमारे लिए देश सर्वप्रथम है। हो सकता है गठबंधन से हमें इन दोनों राज्यों में नुकसान हो लेकिन देश के हालातों और परिस्थितियों को देखते हुए हमें गठबंधन करना पड़ रहा है। जिस प्रकार से भाजपा देश में संस्थाओं को खत्म कर रही है, किसानों, व्यापारियों और महिलाओं के प्रति दुर्भावना रखती है हमें उन सभी की भलाई के लिए एक होना पड़ेगा। आज समय वो नहीं है कि हम छोटे छोटे राजनीतिक फायदों को लेकर आपस में लड़ें। आज देश को अच्छी सरकार देने का समय है। भाजपा को हराने का समय है। और हां इंडिया गठबंधन में शामिल होने का मतलब ये नहीं कि हम कांग्रेस के साथ हो गए हैं। हम अलग हैं हमारे सिद्धांत अलग हैं। कांग्रेस पार्टी से जिन चीजों पर हमारी असहमति है वो है और रहेगी।

अगर सीटों पर सहमति नहीं बनी तो क्या गठबंधन से बाहर आ जाएंगे ?
 हम मैच्योर अलायंस पार्टनर हैं। हम पूरी संजीदगी से अपना काम करना चाहते हैं। इंडिया अलायंस कॉर्डिनेशन कमेटी में सीटों को लेकर जो भी डिस्कशन होगा उसके बाद ही फैसला लिया जाएगा।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा कहते हैं कि सरकार आई तो चार उप-मुख्यमंत्री बनाएंगे। आप इस बयान को कैसे देखते हैं ?
 भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा को जातियों में बांटना चाहते हैं। हरियाणा में 36 बिरादरियां हैं, क्या हुड्डा सभी बिरादरियों के लोगों को डिप्टी सीएम बनाएंगे। हुड्डा को डर लग रहा है कि वो सिर्फ जाटों के नेता बन कर रह गए हैं। उनकी बाकी समाज में स्वीकार्यता खत्म हो गई है। वो हरियाणा के लीडर नहीं बन पाए एक समाज के लीडर बन कर रह गए। अब ये सोच रहे इस समाज का डिप्टी सीएम ले लूं तो मुझे वोट मिल जाएगा। हुड्डा सिर्फ हरियाणा के लोगों को बुद्ध बनाने की कोशिश कर रहे हैं। हुड्डा के पास ना तो हरियाणा को लेकर विजन है और ना ही कोई रोडमैप इन्हें किसी समाज के प्रति कोई दर्द नहीं है। केवल कुर्सी से प्यार है।

हरियाणा के लिए आपका क्या विजन है. चुनाव में किन मुद्दों को लेकर जाएंगे ?
 हमारा विजन साफ है। हरियाणा के किसानों को सुदृढ़ करना पड़ेगा। बेरोजगारों को रोजगार देना पड़ेगा। महिलाओं को सशक्त करना पड़ेगा। एक-एक बच्चे को फ्री शिक्षा, अच्छा स्वास्थ्य विकसित और सुखी हरियाणा बनाना ही हमारा विजन है। और हम इसी विजन को लेकर चुनावी मैदान में उतरेंगे।

भाजपा से सैटिंग करते तो हमारे नेता जेल में ना होते: पाठक
'आप' के राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया। पाठक ने कहा कि जब भाजपा हमें ईमानदारी से चुनाव में नहीं हरा पाई तो हमारे नेताओं को झूठे केसों में फसाना शुरू कर दिया। हमारे मंत्रियों और सांसद को जेल में डाला गया। हो हमारे नेताओं ने अगर इनके साथ सेटिंग कर ली होती तो वो जेल से बाहर जरूर आ जाते। देश में कई दूसरी पार्टियों के नेता भाजपा में शामिल होने के बाद खुलेआम घूम रहे हैं लेकिन हम भाजपा के दबाव में नहीं आने वाले।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static