हत्या, लूट के मामले में मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप लाठिया दिल्ली से अरेस्ट

punjabkesari.in Tuesday, Dec 09, 2025 - 10:34 PM (IST)

गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-17/18 थाना पुलिस ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर संदीप उर्फ लाठिया को दिल्ली से अरेस्ट किया है। आरोपी पर दिल्ली और हरियाणा में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट के 11 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस आरोपी को अदालत मेें पेश कर उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

 


दरअसल, सोनीपत जिले के लाठ गांव का रहने संदीप लाठिया कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वह फरारी के दौरान दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में छिपता फिर रहा था। वर्ष 2013 में मुंडलाना निवासी विनोद की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी वर्ष जींद के ऐचरा निवासी विक्की और झज्जर निवासी गजराज की गोली मारकर हत्या की थी। वर्ष 2017 में गांव लाखनमाजरा से एक युवक का किडनेप कर 20 लाख रुपए की फिरौती की मांगी थी। इसी वर्ष संदीप पर गांव बरोणा के एक फौजी की गोली मारकर हत्या करने का भी आरोप है। उसने जनवरी 2018 में गांव लाठ के नजदीक पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने की घटनाओं को अंजाम दिया था।


संदीप अपने साथियों के साथ 18 दिसंबर 2022 को सुखराली के सामुदायिक केंद्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने जाल बिछाकर उसके तीन साथियों को अरेस्ट कर लिया था। जबकि, संदीप पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने उसके साथियों से छह पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए थे। सेक्टर-17/18 थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया था।
 

संदीप उर्फ लाठिया की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ पा रहा था। जिसके बाद अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। लंबी खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के बाद आखिरकार दिल्ली में उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद सेक्टर-17/18 थाने की टीम ने उसे पकड़ लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pawan Kumar Sethi

Related News

static