बड़ा खुलासा: ब्लाइंड मर्डर केस का बिहार कनेक्शन, एनकाउंटर में मारा जा चुका है मुख्यारोपी

punjabkesari.in Tuesday, Dec 22, 2020 - 12:12 AM (IST)

रोहतक  (दीपक भारद्वाज): 24 जनवरी को रोहतक जिले के आउटर बाईपास पर हुए ब्लाइंड मर्डर मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की वजह बिहार में अवैध शराब के धंधे में 10 लाख रुपए का लेनदेन बताया गया है। मुख्य हत्यारोपी की बिहार पुलिस के साथ एनकाउंटर में मौत हो चुकी है। मामले में 3 हत्या आरोपी अभी फरार हैं। वहीं गिरफ्तार हत्यारोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने 5 दिन का पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले रामनिवास का शव 24 जनवरी को रोहतक शहर के आउटर बाईपास पर खरावड़ मंदिर के पास मिला था, जिस की गोली मारकर हत्या की गई। पुलिस के सामने इस ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने की चुनौती बनी हुई थी। लेकिन आज पुलिस ने इस मामले में मुजफ्फरपुर के ही रहने वाले राम विवेक नामक हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने खुलासा किया है कि मुजफ्फरपुर का रहने वाला नारायण सिंह अवैध शराब का कारोबार करता था और मृतक रामनिवास भी इस कारोबार में उसके साथ शामिल था। रामनिवास ने नारायण सिंह 10 लाख रुपए लिए थे वह 10 लाख रुपए राम निवास नारायण सिंह को वापस नहीं दे रहा था, जिसके चलते नारायण सिंह ने रामनिवास की हत्या करवाई है।

डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि नारायण सिंह की बिहार पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो चुकी है। जबकि राम विवेक सहित चार लोगों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। फिलहाल तीन आरोपी इस मामले में फरार हैं और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राम विवेक को आज अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने 5 दिन का पुलिस रिमांड दिया है। फिलहाल राम विवेक से पूछताछ कर रहे हैं और हत्या में प्रयोग किए गए हथियारों को भी बरामद कर लिया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Related News

static