आम जनता को बड़ी राहत: पानी और सीवर के नए कनेक्शन हुए सस्ते, सरकार ने घटाए 10 हजार रुपये
punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 03:08 PM (IST)
डेस्क: हरियाणा सरकार ने बुधवार को पानी और सीवर के कनेक्शन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सिरसा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता ने कहा कि सरकार ने पानी और सीवर के नए कनेक्शन की निर्धारित फीस में भारी कटौती करते हुए इसे 11,500 रुपये से घटाकर 1,550 रुपये कर दिया है। सरकार के इस फैसले से उन उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्होंने पानी या सीवर के अवैध कनेक्शन ले रखे हैं और अब उन्हें नियमित कराना चाहते हैं।
सिरसा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के पानी या सीवर के कनेक्शन अवैध हैं, वे अपनी फाइल तैयार करवाकर विभाग के कार्यालय में जमा कर सकते हैं। इसके बाद निर्धारित 1,550 रुपये की फीस जमा कर पानी और सीवर के कनेक्शन को मंजूर कराया जा सकता है।
पहले इसके लिए निर्धारित फीस 11,500 रुपये थी। फीस में करीब 10 हजार रुपये की कटौती से अवैध कनेक्शन को वैध कराने वाले उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी। विभाग के अनुसार सरकार ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि पानी और सीवरेज के अवैध कनेक्शन लेने वाले लोग निर्धारित फीस जमा कर अपने कनेक्शन नियमित करवा सकें। इससे एक ओर उपभोक्ताओं को भविष्य की परेशानी से राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर विभाग के रिकॉर्ड में कनेक्शनों को नियमित करने में मदद मिलेगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने कनेक्शन को नियमित करवाएं और सरकार की इस योजना का लाभ उठाएं।