भाजपा देश को खत्म करने की रच रही साजिश : अशोक तंवर
punjabkesari.in Monday, Feb 22, 2021 - 10:29 AM (IST)

लाडवा : पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा सरकार देश को खत्म करने की साजिश रच रही है। आज देश के अन्न दाता को मारने की कोशिश सरकार कर रही है, जिसमें किसान ही नहीं, मजदूर व गरीब भी हैं क्योंकि यह भी अन्नदाता ही है। सरकार को पिछले 26 नवम्बर से आंदोलन कर रहे किसान, मजदूर व गरीब आदमी नजर नहीं आ रहे।
सरकार ने या तो इनको खत्म करने का निर्णय ले लिया है या फिर देश को महा पुंजीपतियों के हाथों बेचने का संकल्प ले लिया है। अशोक तंवर रविवार को लाडवा-सरस्वती मार्ग पर गुरु रविदास आश्रम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह जो तीनों कृषि काले कानून बनाए गए हैं यह न केवल वापस होंगे, बल्कि एम.एस.पी. पर कानून भी बनेगा। डीजल व पैट्रोल के बढ़ते दामों पर अशोक तंवर ने कहा कि कई प्रदेशों में पैट्रोल व डीजल के दाम सौ से ऊपर है। यह तो 101 रुपए का शगुन है जो जनता को अब देना ही पड़ेगा।
भाजपा-कांग्रेस मिलकर केवल राजनीति कर रहे हैं। इसलिए किसानों व मजदूरों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विपक्ष यदि किसानों के साथ मिलकर इमानदारी से आंदोलन में भाग ले तो यह कानून कभी के वापस हो जाते। उन्होंने कहा कि चौ. छोटू राम ने कहा था कि दो चीज जान लो एक बोलना व एक पहचानना। हम दोनों ही नी जानते। बोलना तो शुरू किया, लेकिन अभी भी अपने दुश्मन को नहीं पहचान पाए। जब हम अपने दुश्मन को पहचान नहीं लेंगे तो उन्हें खत्म कैसे कर पाएंगे।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)