हुड्डा के आरोपों पर भाजपा ने किया पलटवार, बोले- वह दिन याद करें, जब किसानों को देते थे 25 पैसे मुआवजा
punjabkesari.in Friday, Jun 02, 2023 - 07:39 AM (IST)

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी): हरियाणा भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सरकार पर लगाए गए आरोपों का जवाब दिया है। कम किसानों को मुआवजा देने के भूपेंद्र हुड्डा के आरोपों पर भाजपा ने कहा है कि विपक्ष के नेता यह दिन भूल गए जब उनकी सरकार में प्रभावित लोगों को 25 पैसे लेकर पांच रुपये तक मुआवजे के चेक दिए जाते थे।
हरियाणा भाजपा के प्रवक्ता सुदेश कटारिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि खुद शीशे के घरों में रहने वालों को दूसरों के घरों पर पत्थर उछालने से पहले सौ बार सोचना चाहिए। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने तीन लाख किसानों को 181 करोड़ रुपये का मुआवजा निर्धारित समय अवधि से पहले दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों से वादा किया था कि उन्हें बारिश व ओलों से बर्बाद फसल का 15 जून तक मुआवजा मिल जाएगा, लेकिन मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तेजी के साथ काम करने के आदेश देते हुए 15 दिन पहले ही मुआवजा किसानों के खातों में भिजवा दिया है।
सुदेश कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार ने हुड्डा के कार्यकाल का बचा हुआ मुआवजा भी अपनी सरकार में किसानों को दिया है। गिरदावरी में कहीं कोई कमी नहीं रही है। यदि किसी जिले में कोई शिकायत आएगी तो मुख्यमंत्री उपायुक्तों को आदेश देकर किसी भी किसान का नुकसान नहीं होने देंगे। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि किसानों के नाम पर राजनीति करने वाले नेताओं को यह सोचना चाहिए कि जब वह एक से पांच रुपये के चेक मुआवजे के देते थे, तब किसानों के दिल पर क्या गुजरती होगी। आज ताऊ मनोहर लाल ने पारदर्शिता अपनाते हुए मेरी फसल मेरा ब्योरा व ई-क्षति पोर्टल बना दिए हैं, ताकि कहीं भी किसी तरह का भेदभाव, घोटाला अथवा मुआवजे में देरी न हो सके।
सुदेश कटारिया ने हुड्डा के पेपर लीक के आरोपों पर कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में इस गिरोह पर अंकुश लगाया है, जबकि कांग्रेस राज में यह गिरोह पनपा था। यदि मुख्यमंत्री इस गिरोह की जड़ पर हमला नहीं करते तो माफिया कैसे नेस्तनाबूद होता। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने आठ साल में सवा लाख सरकारी नौकरियां दी हैं और 60 हजार नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इस साल के अंत तक एक लाख पदों पर नौकरियां पूरी हो जाएंगी।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Recommended News
Recommended News

Pitru Paksha: इस दिन से शुरू होगा पितृ पक्ष, यह है पूरी List

Pradosh Vrat: आज है भाद्रपद मास का अंतिम प्रदोष, ये है पूजा का शुभ मुहूर्त

Budhwar Ke Achuk Upay: श्री गणेश’ को प्रसन्न करने के लिए इस दिशा में बैठकर करें पूजा, होगा हर सपना पूरा

पैगंबर मुहम्मद के जन्मदिन के रुप में मनाई जाती है ईद-ए-मिलाद, जानिए त्योहार की खासियत