28 अक्तूबर को करनाल से चुनावी बिगुल फूंकेगी भाजपा

punjabkesari.in Thursday, Sep 06, 2018 - 11:45 AM (IST)

चंडीगढ़(पांडेय): प्रदेश की खट्टर सरकार के 4 वर्ष पूरे होने पर 28 अक्तूबर को करनाल में प्रदेश स्तरीय रैली के माध्यम से पार्टी चुनावी बिगुल फूंकेगी। इस रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मिशन-2019 के तहत हरियाणा में चुनावी अभियान का श्रीगणेश कर सकते हैं। इसके लिए पार्टी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आमंत्रण भेजा जाएगा। बुधवार को भाजपा सरकार और संगठन की टीम मोरनी के नेचर कैम्प थापली गैस्ट हाऊस में हरियाणा सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की तैयारियों पर चिंतन के लिए पहुंची। 

मुख्यमंत्री ने लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कार्यकत्र्ताओं को तैयार होने का आह्वान किया वहीं, सभी पदाधिकारियों के एक टीम के तौर पर काम करने पर जोर दिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि मंत्री, बोर्ड-निगमों के चेयरमैन राजनीतिक गतिविधियां बढ़ाएं तथा सरकार की योजनाओं को आम जन के बीच प्रभावी तरीके से लेकर जाएं। भाजपा हरियाणा में जीत की निरंतरता को बरकरार रखने के लिए अगले 4 महीने तक न केवल आमजन को बदलाव का अहसास करवाएगी, अपितु कार्यकत्र्ताओं में भी जोश भरा जाएगा। इस दौरान संगठनात्मक और सरकार के स्तर पर लगातार आयोजन होंगे। 13-14 सितम्बर को रोहतक में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का आयोजन किया जाएगा। भाजपा सरकार के 4 साल पूरे होने पर अलग-अलग स्थानों पर उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 

मंत्रियों की मीटिंग के बाद निकल गए रामबिलास और कै.अभिमन्यु 
चिंतन बैठक के पहले सत्र में मंत्रियों के साथ मंथन किया गया। इस बैठक में मंत्रियों के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और संगठन मंत्री सुरेश भट्ट मौजूद थे। इस बैठक के खत्म होने के बाद वित्तमंत्री कै.अभिमन्यु और शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा जींद में इनैलो विधायक की रस्म किरया में शरीक होने के लिए निकल गए। मोरनी से स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन और विपुल गोयल भी अपनी कार से वापस लौटे, जबकि अन्य मंत्री बस के जरिए चंडीगढ़ पहुंचे। चिंतन बैठक की दूसरी शिफ्ट में बोर्ड-निगमों के चेयरमैन और डिप्टी चेयरमैन भी बस के जरिए पंचकूला से थापली गैस्ट हाऊस पहुंचे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Deepak Paul

Recommended News

Related News

static