यमुनानगर कोर्ट में धमाका : कोर्ट परिसर में AC ब्लास्ट से मौके पर मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:19 PM (IST)

यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : यमुनानगर के कोर्ट परिसर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक एडवोकेट के चेंबर में लगे AC में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे चेंबर का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि एक पुलिसकर्मी हल्का झुलस गया।

 जानकारी के अनुसार घटना कोर्ट परिसर के ब्लॉक-ए की तीसरी मंजिल पर स्थित चेंबर नंबर 324 की है। बताया जा रहा है कि एडवोकेट मानीक लूथरा अपने चेंबर में काम कर रहे थे और एसी चल रहा था। तभी अचानक एसी से अजीब आवाज आने लगी और कुछ ही सेकंड में उसमें से धुआं और स्पार्किंग शुरू हो गई। स्थिति को भांपते हुए एडवोकेट तुरंत चेंबर से बाहर निकल आए।

एडवोकेट द्वारा बार रूम में सूचना दिए जाने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग आग बुझाने के लिए अग्निशमन यंत्र जुटाने लगे, लेकिन इसी दौरान एसी में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद चेंबर से धुआं और आग की लपटें बाहर निकलने लगीं, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।

छत पर रखी टंकी से पाइप के जरिए पहुंचाया पानी

सूचना मिलते ही कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए छत पर रखी टंकी से पाइप के जरिए पानी पहुंचाया गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान कांस्टेबल साहेब सिंह का हाथ हल्का झुलस गया।

मौके पर पहुंचे एसआई महिंद्र पाल ने बताया कि हमें सूचना मिली तो तुरंत टीम के साथ पहुंचे। प्राथमिक जांच में एसी ब्लास्ट से आग लगना सामने आ रहा है, जांच जारी है। इस हादसे में चेंबर में रखी केस से जुड़ी अहम फाइलें, फर्नीचर, एलईडी, पंखे, इन्वर्टर और किताबें पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी लोग बाहर निकल गए और कोई बड़ा हादसा टल गया।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।   

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static