सोशल मीडिया एक्टिविस्ट पर खूनी हमला, हथौड़े और डंडों से पीटा...वीडियो बनाने पर जान से मारने की धमकी

punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 04:22 PM (IST)

पलवल(दिनेश): पलवल की बसंत विहार कॉलोनी निवासी 33 वर्षीय सोशल मीडिया एक्टिविस्ट सिकंदर डागर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी डागर ट्रेलर्स के नाम से बस अड्डा के पास दुकान है और सुबह करीब 7:45 बजे वह अपनी गाड़ी से दुकान जा रहा था। रेलवे फाटक के पास एक स्विफ्ट कार ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। कार से 3-4 युवक उतरे, जिनके मुंह कपड़े से ढके हुए थे। इसी दौरान नीले रंग की यामाहा स्कूटी पर सवार दो अन्य युवक भी वहां पहुंच गए।

पीड़ित के अनुसार हमलावरों के हाथों में हथौड़े, डंडे और एक के पास देसी कट्टा था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसे गाड़ी से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा। एक युवक ने उसके सिर पर हथौड़ा मारने का प्रयास किया, लेकिन उसने हाथ अड़ाकर वार रोक लिया। हमलावरों ने जाते समय धमकी दी कि यदि भविष्य में कोई वीडियो सोशल मीडिया पर डाली तो उसे और उसके परिवार को जान से मार देंगे। 

घायल अवस्था में पीड़ित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में उसे बयान देने के लिए अयोग्य बताया था। बाद में फिट घोषित किए जाने पर बयान दर्ज किए गए। मेडिकल रिपोर्ट में दोनों हाथों, पैरों और बाजू में गंभीर चोटों सहित कुल आठ चोटें दर्ज की गई हैं।  कैंप थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static