Sonipat: शराब के नशे में शुरू हुआ विवाद...गांव में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, 25 लोग घायल

punjabkesari.in Wednesday, Oct 22, 2025 - 08:19 AM (IST)

सोनीपत(सन्नी मलिक): सोनीपत जिले के गांव जाजल में बीती रात विशेष समुदाय और एक हिंदू परिवार के बीच हुए खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब 25 पुरुष और महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हिंसक झड़प शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के कारण शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया।
 
जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई। शराब के नशे में होने के कारण विवाद जल्द ही बढ़ गया और दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में दोनों समुदायों के 25 से अधिक लोग घायल हो गए। सभी घायल पुरुषों और महिलाओं को तुरंत सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कई घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।

वारदात की सूचना मिलते ही सोनीपत बहालगढ़ थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, बहालगढ़ थाना पुलिस के साथ-साथ अन्य कई थानों की पुलिस को भी गांव जाजल बुलाया गया। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और गांव में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के आला अधिकारी गांव में मौजूद हैं और दोनों पक्षों से बातचीत कर रहे हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। गांव में फिलहाल तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static