Jhajjhar: दो दिवसीय सर्च ऑपरेशन के बाद नहर से बरामद हुआ लापता लेक्चरर का शव... जांच में जुटी पुलिस

punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 03:48 PM (IST)

झज्जर(दिनेश):  झज्जर जिले के गांव मातनहैल निवासी 30 वर्षीय लेक्चरर विकास का शव दो दिन तक चले सर्च अभियान के बाद मंगलवार सुबह गांव के पास से गुजरने वाली नहर से बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। 

जानकारी के अनुसार विकास 11 और 12 जुलाई की दरमियानी रात करीब तीन बजे अचानक घर से निकल गया था। सुबह करीब पांच बजे उसकी कार गांव के पास नहर किनारे खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा एनडीआरएफ की टीम की मदद से नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। लगातार दो दिन तक चले अभियान के बाद सोमवार सुबह विकास का शव नहर से बरामद हुआ। मामले की सूचना मिलते ही झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल नागरिक अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। 

परिजनों के अनुसार विकास विवाहित था और उसका एक छोटा बेटा है। उसके पिता पूर्व सैनिक थे,जिनका पहले ही निधन हो चुका है। विकास झज्जर स्थित गवर्नमेंट पॉलीटेक्निक में लेक्चरर के पद पर कार्यरत था,जबकि उसकी पत्नी मेवात जिले में अध्यापक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि 11 और 12 जुलाई की रात विकास के लापता होने की सूचना मिली थी। उसकी कार नहर के पास खड़ी मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एनडीआरएफ की सहायता से सर्च अभियान शुरू कराया। मंगलवार की सुबह शव बरामद होने पर उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई पंकज के बयान के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static