Jhajjar Double Murder Case : पैसों के विवाद के बाद हत्या कर झाड़ियों में फेंके थे शव, 2 आरोपी गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 04:46 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा) : झज्जर पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर बहुचर्चित डबल मर्डर केस का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।
पुलिस कमिश्नर डॉ.राजश्री सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक जांच, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में सफल रही। उन्होंने बताया कि 6 जुलाई को झज्जर-गुरुग्राम रोड स्थित सेहवाग इंटरनेशनल स्कूल के सामने झाड़ियों से कामिल और इरशाद उर्फ भोलू के शव बरामद हुए थे। पोस्टमार्टम में दोनों की गोली मारकर हत्या किए जाने और उनके शरीर पर मारपीट के निशान मिलने की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी क्राइम शुभम सिंह के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ और थाना सदर झज्जर की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी सतीश और राजस्थान के अलवर निवासी विक्रम उर्फ लम्बू को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक और आरोपी पिछले करीब एक साल से हरियाणा और राजस्थान में सड़क किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का हिस्सा थे। गिरोह देर रात कामिल की एक्सयूवी-500 में निकलता था और ट्रकों से पाइप के जरिए 600 से 700 लीटर तक डीजल चोरी कर कम कीमत पर बेच देता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह में काम करने वाले सतीश और उसके साथियों को प्रतिदिन केवल 1500 रुपये दिए जाते थे,जबकि बाकी मुनाफा कामिल और इरशाद अपने पास रखते थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ता गया और हत्या की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक 6 जुलाई की रात डीजल चोरी के बहाने दोनों मृतकों को झज्जर-गुरुग्राम रोड पर ले जाया गया।
पहले कामिल को गोली मारी गई, फिर इरशाद की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई। विरोध करने पर उस पर लोहे की पाइप रिंच और पेचकस से भी हमला किया गया। इसके बाद दोनों शवों को सेहवाग इंटरनेशनल स्कूल के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया।
वारदात के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़े जला दिए और घटना में इस्तेमाल हुई एक्सयूवी-500 को धोकर छिपा दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी,हत्या में प्रयुक्त हथियार और वाहन की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)